चंडीगढ़ | 1 फरवरी को पेश किए गए वित्त वर्ष 2026- 27 के बजट में हरियाणा को रेल बजट के लिए 3566 करोड़ रुपए मिले है जो पिछले साल से 150 करोड़ रुपए ज्यादा है. ऐसे में लंबित रेलवे प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने की उम्मीदें जग उठी है.
हरियाणा को मिला रेल बजट में बढ़ावा
केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा प्रदेश में 12 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. इसमें अमृत भारत योजना के तहत 34 स्टेशनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है और कई नई रेलवे लाइन बिछाई जा रही है. इस बजट राशि से हरियाणा में रेल सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी.
उन्होंने बताया कि हरियाणा में सभी रेलवे लाइन बिजली संचालित हो चुकी है. वहीं, UP से पंजाब तक बिछाया जा रहा ईस्ट- वेस्ट कॉरिडोर काफी अहम साबित होगा. इससे हरियाणा के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी. इसके साथ ही, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प किया जा रहा है.
जल्द मिलेगी हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा में चलेगी और इसे जींद- सोनीपत रूट पर संचालित किया जाएगा. फिलहाल, टेस्टिंग को लेकर कुछ प्रकिया बाकी है और जल्द ही इन्हें पूरा कर यात्रियों को नई तकनीक से निर्मित ट्रेन में सफर करने का अनुभव मिलेगा. वहीं, दिल्ली- अमृतसर के बीच बुलेट ट्रेन को लेकर उन्होंने बताया कि प्राथमिक चरण में देश के अन्य रेल खंड पर पहले फेस का काम जारी है. दूसरे चरण में दिल्ली- अमृतसर बुलेट ट्रेन के प्रस्ताव का आंकलन किया जाएगा.
