चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत के साथ लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब निकाय चुनावों की तैयारियों में जुट गई है. निकाय चुनावों को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दायर याचिका पर चल रही सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया कि 4 जनवरी से पहले निकाय चुनावों का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा और 4 फरवरी तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा.
हरियाणा सरकार द्वारा पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दिए गए आश्वासन के अनुसार प्रदेश में स्थानीय निकायों के चुनाव कराने के लिए इलेक्शन शेड्यूल की घोषणा एक महीने के भीतर निश्चित रूप से कर दी जाएगी.
सरकार ने हाईकोर्ट में दाखिल किया जवाब
हरियाणा सरकार की ओर से सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट को जानकारी दी गई है कि परिणामों की घोषणा के लिए अंतत पूरी प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी कर ली जाएगी. राज्य द्वारा ये आश्वासन एक याचिका के जवाब में दिया गया, जिसमें नगर निकाय चुनाव कराने के निर्देश मांगे गए थे. इसके साथ ही, राज्य में लंबित सभी नगर निकाय चुनाव 4 फरवरी तक पूरे होने की उम्मीद है.
राज्य के आश्वासन के मद्देनजर याचिकाकर्ता को याचिका वापस लेने की अनुमति देते हुए हाईकोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि इस याचिका में उठाए गए मुद्दों को किसी भी उचित चरण में फिर से उठाए जाने और निर्धारित किए जाने के लिए रखा गया है.
6 महीने में होने चाहिए चुनाव
प्रदेश में अधिकतर नगर निगमों के चुनाव लंबे समय से लंबित है. इसमें यमुनानगर, करनाल, हिसार, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित कुल महत्वपूर्ण स्थानीय निकायों के चुनाव शामिल हैं. गुरुग्राम नगर निगम में मेयर व पार्षदों का कार्यकाल 2022 में खत्म हो चुका है, जबकि यमुनानगर, करनाल, हिसार, रोहतक और फरीदाबाद नगर निगमों का कार्यकाल इसी साल जनवरी में खत्म हो चुका है.
इस मामले को लेकर याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि नियमानुसार नए चुनाव 6 महीने के भीतर होने चाहिए थे, लेकिन परिसीमन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के चलते इसमें देरी हो रही है. उन्होंने बताया कि यदि परिसीमन नहीं हुआ है, तो मौजूदा परिसीमन के अनुसार चुनाव कराए जाने चाहिए.
