चंडीगढ़ | नया साल यानि 2026 के पहले दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में कई बड़े फैसले लिए गए हैं. मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को नव वर्ष के आगमन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि नया साल सबके लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए.
इन कस्बों को मिला नगरपालिका का दर्जा
हरियाणा सरकार ने नव वर्ष की शुरुआत तीन कस्बों को नगरपालिका का दर्जा देने के ऐलान के साथ की है. कैबिनेट मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि कि कुंजपुरा (करनाल), मतलौडा (पानीपत) और शहजादपुर (अंबाला) को नगरपालिका का दर्जा देने का फैसला लिया गया है. प्रदेश सरकार का यह फैसला इन क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. लंबे समय से इन इलाकों के लोगों की यह मांग थी जो अब जाकर पूरी हो गई है.
कुंजपुरा (करनाल) नगरपालिका में कुंजपुरा के अलावा नलवी कलां और वजीरपुर गांव शामिल होंगे. जबकि मतलौडा (पानीपत) नगरपालिका में मतलौडा ग्राम पंचायत को शामिल किया जाएगा. वहीं, शहजादपुर (अंबाला) नगरपालिका में शहजादपुर के साथ बापौली, भौड़माजरी और माजरा को शामिल किया जाएगा.
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि कुंजपुरा, मतलौडा और शहजादपुर को नगरपालिका का दर्जा मिलने पर इन क्षेत्रों में सुनियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा. इससे बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और बिजली- पानी, पक्की सड़कें, स्कूल, अस्पताल, पार्क, सीवरेज व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी.
तेजी से होंगे विकास कार्य
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ समूचे हरियाणा के विकास पर जोर दे रही है. सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने इन क्षेत्रों की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि नगरपालिका का दर्जा मिलने के बाद विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा ताकि लोगों को जल्द- से- जल्द बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके.
