चंडीगढ़ | हरियाणा में बुजुर्गो की पेंशन कटने और राशनकार्ड कटने का मामला इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है. इस संबंध में प्रदेश सरकार ने बताया है कि जिन परिवारों की फैमिली आईडी में सालाना आय 3 लाख रुपए से ज्यादा दर्ज हैं, उनकी पेंशन बंद कर दी गई है. सरकार ने फैमिली आईडी में सालाना आय बढ़ने की कई वजहें गिनवाई है.

हरियाणा सरकार ने बताई कई वजहें
- परिवार के किसी सदस्य के नाम 400 गज या उससे अधिक प्लॉट नाम होना.
- परिवार के किसी सदस्य के नाम फोर व्हीलर दर्ज होना.
- मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल बिक्री से 3 लाख से अधिक की आय होना.
- फैमिली आईडी में शामिल कोई व्यक्ति इनकम टैक्स का भुगतान करता हो.
- परिवार द्वारा कई महीनों से सरकारी राशन नहीं लिया जाना.
- बिजली बिल ज्यादा राशि में आना.
- सरकारी रिकॉर्ड में मृत पाए गए लोगों की पेंशन काटी गई है.
- इसमें कई जीवित लोगों की भी पेंशन कटने का आरोप है.
- फैमिली आईडी में उम्र या अन्य जानकारी गलत होने के कारण भी पेंशन कटने की खबरें आ रही है.
अपात्र लोगों को किया जा रहा बाहर
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन कारणों से फैमिली आईडी में आय स्वत बढ़ा दी जाती है, जिससे पेंशन, राशनकार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो जाता है. इसलिए समय-समय पर अपनी फैमिली आईडी की जानकारी जांचते रहे. उन्होंने बताया कि अपात्र लोगों को बाहर किया जा रहा है और सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को फिर से शामिल किया जा रहा है. इस प्रकिया से प्रदेश में कई जगहों पर बुजुर्ग परेशान हैं. उनका कहना है कि बुढ़ापा पेंशन ही उनकी आय का मुख्य स्त्रोत है और उनके सम्मानपूर्वक जीवन- यापन का सहारा भी हैं.