चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने आंगनबाड़ी हेल्परों को राहत देने की तैयारी कर ली है. सरकार आंगनबाड़ी हेल्परों का प्रमोशन करने की तैयारी कर रही है. सरकार द्वारा प्रमोशन कोटा को बढ़ाकर 50% कर दिया गया है. इससे पहले यह 25% था. ऐसा इसलिए किया गया है, ताकि अनुभवी हेल्परों को आगे बढ़ने का मौका मिल पाए.
खाली पदों पर नई भर्ती की तैयारी
प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जो पद खाली बचेंगे उनके लिए नई भर्ती निकाली जाएगी. बता दें कि सरकार द्वारा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान यह जानकारी दी गई. कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल द्वारा मानसून सत्र के दौरान आंगनबाड़ी में खाली पदों के बारे में सवाल पूछा गया. प्रदेश के कुल 25,962 आंगनबाड़ी केंद्रों में 25,962 वर्कर और 25,450 हेल्पर के पद स्वीकृत हैं. राज्य में वर्तमान में 23,106 वर्कर और 20,641 हेल्पर ही काम कर रहे हैं.
मानदेय और अनुभव को लेकर स्थिति
बीते काफी समय से आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों की खाली पदों के भरने का प्रस्ताव महिला एवं बाल विकास विभाग के पास विचाराधीन था. यह नियुक्ति काफी समय से अटकी रही. सरकार अब इसे शुरू करने की तैयारी कर रही है. इस विषय में फैसला होना बाकी है कि भर्ती जिला स्तर पर की जाएगी या प्रदेश स्तर पर. वर्तमान में 10 साल से ज्यादा अनुभव वाली आंगनबाड़ी वर्करों को 14,750 रुपए वेतनमान दिया जा रहा है. जिनका अनुभव 10 साल से कम है, उन आंगनबाड़ी वर्करों को 13,250 मानदेय और हेल्परों को 7,900 मानदेय दिया जा रहा है.
