चंडीगढ़ | हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) में जन्मतिथि सत्यापन को लेकर लोगों के मोबाइल पर लगातार मैसेज भेजे जा रहे हैं. इन संदेशों के बाद खासकर वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है. परिवार पहचान प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभार्थियों की जन्मतिथि अभी तक सत्यापित नहीं हुई है, उन्हें अपने रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए सूचना दी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शुरू किया गया है जिसमें लंबित आयु सत्यापन मामलों को तीन माह के भीतर निपटाने का लक्ष्य तय किया गया था.

परिवार पहचान प्राधिकरण की ओर से भेजे जा रहे संदेश में लाभार्थियों को 30 दिनों के भीतर अपनी सही जन्मतिथि PPP में अपडेट और सत्यापित कराने को कहा गया है. यदि सत्यापन नहीं कराया गया तो PPP से जुड़ी सेवाओं और योजनाओं के लाभ प्रभावित हो सकते हैं. इसी कारण कई बुजुर्गों और लाभार्थियों में चिंता का माहौल है.
हरियाणा सरकार अलर्ट
चिंता की एक वजह यह भी है कि इसी वर्ष फरवरी में आय सत्यापन प्रक्रिया के दौरान लगभग 70 हजार वृद्धावस्था पेंशन मामलों पर असर पड़ा था. उस समय विपक्ष ने इस मुद्दे को जोर- शोर से उठाया था जिसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में स्पष्ट किया था कि पात्र लोगों की पेंशन बंद नहीं की जाएगी और सत्यापन प्रक्रिया समानांतर रूप से जारी रहेगी. परिवार पहचान प्राधिकरण के अनुसार, केवल उन्हीं लोगों को SMS भेजे जा रहे हैं जिनकी जन्मतिथि का सत्यापन अभी तक पूरा नहीं हुआ है और जो किसी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं. ऐसे लाभार्थियों को 30 दिन के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.
भेजे जा रहे SMS
जन्मतिथि सत्यापन दो तरीकों से कराया जा सकता है. लाभार्थी परिवार पहचान पोर्टल पर लॉगिन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा, संबंधित जिले के ADC कार्यालय में जाकर ऑफलाइन भी दस्तावेज जमा किए जा सकते हैं. सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, 10वीं कक्षा का प्रमाण पत्र, वर्ष 2019 तक का मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और PPO (पेंशन भुगतान आदेश) जैसे दस्तावेज मान्य होंगे. यदि किसी व्यक्ति के पास इनमें से कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है तो अंतिम निर्णय जिला प्रशासन या ADC स्तर पर लिया जाएगा.
केवल SMS मिलने से किसी की पेंशन या अन्य लाभ तुरंत बंद नहीं होंगे. यदि रिकॉर्ड में जन्मतिथि संदिग्ध या अप्रमाणित बनी रहती है तो भविष्य में दोबारा जांच या सत्यापन की आवश्यकता पड़ सकती है. जिन लोगों को कोई संदेश नहीं मिला है और जिनका रिकॉर्ड पहले से सत्यापित है उन्हें सामान्यतः अलग से कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है.
सरकार का उद्देश्य किसी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित करना नहीं है. उन्होंने कहा कि आयु सत्यापन प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है और दस्तावेजों को अपडेट कराने के लिए आगे भी इस तरह के संदेश भेजे जाते रहेंगे. उन्होंने सभी लाभार्थियों से समय रहते अपनी जन्मतिथि का सत्यापन कराने की अपील की है- डॉ. सतीश खोला, स्टेट कोऑर्डिनेटर, हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण