चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने आज वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश किया है. बतौर वित्त मंत्री सीएम नायब सैनी ने 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी और इसके बाद इन्हें नौकरी दी जाएगी. CM ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98% बजट खर्च किया है.

यह इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75% की बढ़ोतरी हुई है जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44% तक बढ़ गया था. सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा.
शिक्षा के क्षेत्र में ऐलान
- सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में फैसला लेते हुए कहा कि सबसे पहले 250 विद्यालयों को CM (EEE) विद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा.
- जर्मन व जापानी भाषाएं पढ़ाने के लिए लगभग 100 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा.
- हरियाणा दिवस 1 नवंबर 2026 तक सभी राजकीय विद्यालयों में लगभग 200 करोड़ की लागत से डबल डेस्क की व्यवस्था की जाएगी.
- विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) को बढ़ावा देने के लक्ष्य से 11वीं के 100 विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भ्रमण कराया जाएगा.
- उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से एक वर्चुअल AI एवं डिजिटल कॉलेज शुरू किया जाएगा.
- वीर बाल मेमोरियल संस्थान योजना के अनुसार किसी विद्यार्थी की दुर्घटना में मृत्यु पर उसके परिवार को 5 लाख रुपए और दिव्यांगता होने पर 3 लाख राशि दी जाएगी.
- उच्च शिक्षा के तंत्र और अनुसंधान प्रयोगशालाओं को उन्नत करने के लिए लगभग 10 करोड़ की लागत से उच्च शिक्षा गुणवत्ता एवं अनुसंधान उत्कृष्टता कोष शुरू किया जाएगा.
- राज्य के लगभग 250 विद्यालयों में करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से अटल टिंकरिंग लैब बनाई जाएगी.
- लगभग 3 हजार से अधिक राजकीय उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को खेल के मैदानों के लिए करीब 1 लाख प्रति विद्यालय सहायता राशि दी जाएगी.
- भिवानी, करनाल, नूंह और पंचकूला में दोहरी पाली में चल रहे स्कूलों को एकल पाली में शामिल किया जाएगा.
- 4 नए राजकीय बहुत तकनीकी संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव जारी किया, जो कि गुरुग्राम के गांव माजरा लोहारी, महेन्द्रगढ़ के गांव खेड़ी तलवाना, अंबाला के नारायणगढ़ और पानीपत के कवि में बनाए जाएंगे.