चंडीगढ़ | हरियाणा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों पर पारदर्शिता बढ़ाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग बड़ा कदम उठाने जा रही है. इसके तहत, राज्य के करीब 9 हजार राशन डिपो पर 2- 2 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. इस योजना के तहत, स्टॉक और वितरण स्थल पर नजर रखने के लिए एक कैमरा और दूसरा कैमरा गोदाम में लगाया जाएगा, ताकि स्टॉक और वितरण प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके.

हरियाणा के पंचकुला में सफल ट्रायल
इस परियोजना पर करीब 150 से 200 करोड़ रूपए खर्च होने की उम्मीद है. इसके लिए विभाग द्वारा अप्रैल माह में टेंडर जारी किए जाएंगे और विभाग का लक्ष्य है कि अगले तीन महीनों के अंदर सभी डिपो पर कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा. इन CCTV कैमरों की निगरानी मुख्यालय से सीधी की जाएगी जिससे अव्यवस्था पर रोक लगाई जा सके.
इससे पहले पंचकूला के एक डिपो पर 45 दिनों तक कैमरों का सफल ट्रायल किया गया था, जिसकी साकारात्मक रिपोर्ट के बाद अब इस योजना को पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है.
लगभग डेढ़ करोड़ लोग लेते है राशन
वर्तमान में प्रदेशभर में लगभग 39 लाख राशन कार्डों के माध्यम से करीब डेढ़ करोड़ लाभार्थियों को राशन बांटा जाता है. सरकार इस CCTV कैमरों के जरिए वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना चाहती है.
राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि सभी डिपो पर 2- 2 कैमरे लगाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है. विभाग जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर देगा और निर्धारित समय- सीमा के अंदर इसे पूरा कर लिया जाएगा. इस योजना के पूरा होने के बाद स्टॉक की सही निगरानी हो सकेगी और लाभार्थियों को पूरा और सही राशन मिलने की सुनिश्चितता बढ़ेगी. यह व्यवस्था सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक ईमानदार और प्रभावी बनाने में मदद करेगी.