चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) अरावली की पहाड़ियों पर 10 हजार एकड़ जमीन पर जंगल सफारी विकसित करने जा रही है. हालांकि, यहां लोगों को शेर- चीते जैसे खूंखार जानवर नहीं दिखेंगे. सीएम नायब सैनी ने बताया कि जंगल सफारी में ऐसे जानवर ही रखें जाएंगे, जो इंसानों के लिए खतरा पैदा न करें.
बजट घोषणाओं की हुई समीक्षा बैठक
बजट घोषणाओं के लिए हुई समीक्षा बैठक में सीएम नायब सैनी ने ये बातें कहीं. उन्होंने बताया कि जंगल सफारी विकसित करने के दौरान सभी नियमों का गंभीरता से पालन किया जायेगा और वहां ऐसे पौधे लगाए जाएंगे, जो आसानी से उग जाएं. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वन और पर्यावरण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
बैठक में ड्रेनेज सिस्टम को लेकर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवर या फैक्ट्रियों का गंदा पानी सीधा नालों में ना पड़े, इसको रोकने के लिए सभी ऐसी जगहों की पहचान कर कड़े कदम उठाए जाएं. पहले चरण में यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र जिले में इस काम पर जोर दिया जाएगा.
पर्यटन विभाग पर मंथन
घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि राज्य में तीज- त्योहार, मेले और उत्सवों पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए इस साल के बजट में 100 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं. उन्होंने कहा कि पर्यटन और सूचना विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर ऐसे सभी मेलों का आयोजन सुनिश्चित करें ताकि प्रदेश के सभी वर्गों में उत्साह एवं उल्लास की भावना का संचार हो सकें.
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिंजौर के यादवेंद्र गार्डन की विरासत को संजोते हुए इसकी खूबसूरती बढ़ाने पर जोर दिया जाए. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने यादवेंद्र गार्डन, टिक्कर ताल और मोरनी हिल्स के पुनर्विकास के लिए 90 करोड़ रुपए से ज्यादा की धनराशि स्वीकृत की हैं.
कुरूक्षेत्र में क्राफ्ट मेला होगा आयोजित
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले का दूसरी बार आयोजन धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में दशहरा और दीपावली के बीच किया जायेगा, ताकि लोगों को एक सशक्त मंच प्रदान हो सकें और वे इस सांस्कृतिक महोत्सव का जी भरकर लुत्फ उठा सकें.
