चंडीगढ़ | 11 जुलाई से कावड़ यात्रा की शुरुआत होगी, जिसे ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो. उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को आदेश दिया कि पूरे हरियाणा में पुलिस बल को अलर्ट पर रखा जाए और सभी जिलों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए.
एहतियात के तौर पर 11 जुलाई से यात्रा की समाप्ति तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है ताकि पर्याप्त पुलिस बल हर स्थान पर उपलब्ध रह सके.
संवेदनशील स्थानों पर होगी निगरानी
सरकार द्वारा सभी संवेदनशील स्थानों, नाकों और शिविर स्थलों पर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 24 घंटे गश्त के निर्देश जारी किए गए हैं. हरियाणा पुलिस महानिदेशक ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें. यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो उसकी जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस चौकी या 112 हेल्पलाइन पर दें. उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस इस धार्मिक यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है.
महिला कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम
कावड़ यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की है. इसके अलावा, यात्रियों के लिए अलग यात्रा लेन भी सुनिश्चित की गई है. किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक अशांति या अफवाह फैलने की स्थिति में पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को मजबूत करने के भी आदेश जारी किए गए हैं.
करना होगा इन नियमों का पालन
सरकार के निर्देशों के अनुसार कावड़ शिविरों को मुख्य सड़कों से दूर लगाना होगा. होटल और ढाबों के मालिकों को खाद्य वस्तुओं की सूची और उनके रेट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने होंगे. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान एलपीजी सिलेंडर, धारदार हथियार और भाले आदि साथ न रखें. डीजे बजाने और तेज आवाज में संगीत चलाने पर प्रतिबंध रहेगा. दुकानदारों से 10 फीट से ऊंची कांवड़ न बेचने की भी अपील की गई है ताकि बिजली के तारों से कोई दुर्घटना न हो. सभी श्रद्धालुओं और आयोजकों को अपने साथ पहचान पत्र रखना अनिवार्य किया गया है.
