चंडीगढ़ | हरियाणा में अब अलग- अलग पदों पर तैनात शिक्षकों के तबादले 5 चरणों में पूरे होंगे. इसके अलावा, कपल केस के नंबरों को भी अब हटा दिया गया है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सरकार के इस फैसले से पिछले 2 सालों से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों को अब उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि तबादलों से जुड़ी प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी.

अलग- अलग चरणों में होंगे ट्रांसफर
मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न चरणों में होने वाले इन तबादलों में सबसे पहले जूनियर बेसिक ट्रेनिंग के अंतर्गत तबादले किए जाएंगे. तीसरे चरण में प्रधानाचार्य, हेड मास्टर और प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के ट्रांसफर किए जाएंगे. चौथे चरण में पोस्ट ग्रेजुएट टीचर, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक, सीएंडवी टीचर और जूनियर बेसिक टीचर के रेगुलर अध्यापकों के तबादले होंगे. वहीं, पांचवें चरण में गेस्ट टीचर के तबादले किए जाएंगे.
सर्विस कैलकुलेशन पर होगा छुट्टियों का प्रभाव
इस खबर से जुड़ी एक और जानकारी सामने आ रही है कि शिक्षकों द्वारा एक इकाई मिनिमम सर्विस की कैलकुलेशन करते समय असाधारण अवकाश और चाइल्ड केयर लीव के रूप में ली गई छुट्टियों को शामिल नहीं किया जाएगा. दूसरी तरफ शिक्षक की ओर से एक इकाई में मैक्सिमम सर्विस की कैलकुलेशन करते समय असाधारण अवकाश और चाइल्ड केयर लीव के रूप में ली गई छुट्टियों के समय को शामिल किया जाएगा.
दूसरे चरण में मॉडल संस्कृति स्कूल होंगे शामिल
ऑनलाइन तबादलों की इस प्रक्रिया के दूसरे चरण के तहत प्रदेश के मॉडल संस्कृति स्कूलों के शिक्षकों के तबादले होंगे. पहली बार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा इनकी परीक्षा ली गई. जो शिक्षक परीक्षा पास करेंगे, उन पर नई तबादला नीति लागू की जाएगी. इसी तर्ज पर मॉडल संस्कृति स्कूलों के बाद गैर शैक्षिक कर्मचारियों के लिए भी अलग से तबादला नीति निर्धारण की जाएगी. इसके मसौदे को मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी प्रदान की जा चुकी है.