चंडीगढ़ | हरियाणा में उद्योगपतियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार राज्य में निवेश को बढ़ाने और उद्योगों के विस्तार के लिए नई औद्योगिक नीति लागू करने की तैयारी में है. इस औद्योगिक नीति के तहत उद्योगपतियों को व्यावसायिक जमीन कम रेट पर उपलब्ध कराई जाएगी. इससे कारोबारियों को महंगे औद्योगिक प्लॉट्स की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा.

नई नीति में यह बदलाव
दरअसल, अब तक औद्योगिक इकाइयों में 15 मीटर से ज्यादा ऊंचाई पर निर्माण की अनुमति नहीं थी, लेकिन नई नीति में इस सीमा को पूरी तरह खत्म कर दिया है. इससे उद्योगपति अब मल्टी- स्टोरी फैक्ट्री, वेयरहाउस और औद्योगिक यूनिट्स ऊपर की ओर विस्तार कर सकेंगे. पहले जहां फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) सीमित थी, अब पूरी तरह खोलने पर विचार किया गया है, जिससे निर्माण की उम्मीदें बढ़ेगी.
नई पॉलिसी को अंतिम रूप की तैयारी
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि विभाग नई औद्योगिक पॉलिसी के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटा हुआ है. इसके लिए विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि उद्योगों को जमीन और नियमों की कशमकश से मुक्त करना उनका पहला उद्देश्य है.
इसके अलावा हरियाणा में 10 औद्योगिक शहर विकसित करने की योजनाएं पर भी काम चल रहा है. भूमि की उपलब्धता, आधुनिक सुविधाएं और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए लगातार प्रयास जारी है.