चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार राज्य में शिक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है. इसी कड़ी में सरकार द्वारा घनी आबादी वाले शहरों में नए स्कूल खोलने की योजनाएं बनाई जा रही है. इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा अधिकरियों को आदेश दे दिए गए है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतरीन संसाधन उपलब्ध कराना है जिससे उन्हें पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सके. विद्यार्थियों के लिए स्टेट सेंट्रल लाइब्रेरी भी खोली जाएगी, जिसमें विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे.

हरियाणा की महिलाओं को किया जाएगा जागरूक
उन्होंने विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सांसद धर्मबीर सिंह और नवीन जिंदल के साथ बैठक के दौरान कहा कि हर घर गृहणी योजना के लिए महिलाओं को जागरूक किया जाए ताकि पात्र महिलाएं लाभ ले सके. खेतों में बने घरों में बिजली प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सोलर सब्सिडी स्कीमों के प्रति जागरुक किया जाए.
खेलों को प्रथामिकता देते हुए उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा 257 खेल स्टेडियम का नवीनीकरण किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में व्यायामशालाएं और इंडोर जिम बनाए गए है. महिलाओं के सैर के लिए व्यायामशालाओं में ट्रैक निर्माण को महत्व दिया गया है.
पेयजल एवं सीवरेज योजना पर कार्य
जल शक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है वहां तालाब बनाने के लिए ग्राम पंचायत से प्रस्ताव मांगे जाए. उन्होंने बताया कि हिसार ड्रेन व भिवानी ड्रेन को गहरा कर विस्तारीकरण की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी और अमृत 2 योजना के तहत 27 जल एवं 9 सीवरेज परियोजनाएं चल रही है. करीब 59 बड़े गांव में महाग्राम योजना के अनुसार सीवरेज तथा नई नगरपालिकाओं में भी सीवरेज एवं पेयजल योजना पर कार्य प्रगति के दौरान है.