चंडीगढ़ | हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की तरफ से हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) सहित संबंधित 102 पदों की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल को किया गया था. 26 अप्रैल को राज्य के 8 जिलों में बनाए गए 337 परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया गया था. परीक्षा के लिए कुल 93,697 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था जिनमें से सुबह के सत्र में 52,526 और शाम के सत्र में 51,767 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए.

HPSC में 1243 अभ्यर्थी सफल
आयोग द्वारा इस परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. कमीशन ने हरियाणा सिविल सर्विसेज व अन्य पदों का परिणाम कल यानि सोमवार को घोषित कर दिया है. आयोग के मुताबिक लगभग 50 हजार अभ्यर्थियों में से मात्र 1243 अभ्यर्थी ही परीक्षा में कामयाब हो पाए हैं. आयोग की तरफ से रिजल्ट से पहले आंसर की और अभ्यर्थियों के अंक जारी किए जा चुके है. परिणाम घोषित करते वक्त सुबह के सत्र (पेपर-1) की 2,199 और शाम के सेशन (पेपर-2) की 3,189 ओएमआर शीट को त्रुटियों की वजह से शामिल नहीं किया गया.
अब होगा मुख्य परीक्षा का आयोजन
अब चयनित अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा का आयोजन 27 से 29 जून के बीच किया जाएगा. इस बार परीक्षा पैटर्न बदला गया है. मुख्य परीक्षा में कुल 600 अंकों के 6 पेपर लिए जाएंगे. इनमें 4 पेपर सामान्य अध्ययन के होंगे, जबकि हिंदी और अंग्रेजी निबंध के लिए 100-100 अंक तय किए गए हैं. पहले के ऑप्शनल सब्जेक्ट्स को खत्म कर दिया गया है और अब सिर्फ सामान्य अध्ययन और भाषा आधारित प्रश्नपत्र ही शामिल किए जाएंगे.
मेंस एग्जाम के बाद इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे. इंटरव्यू का आयोजन अगस्त या सितंबर में होने की संभावना है. इसके बाद फाइनल सिलेक्शन लिस्ट जारी की जाएगी. इस लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों को अंतिम नियुक्ति दी जाएगी.