चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए आयोजित होने वाली फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) के लिए अतिरिक्त उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. आयोग ने बताया कि पहले जारी की गई सूची के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के PMT में अनुपस्थित रहने और अन्य प्रशासनिक कारणों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

आयोग के अनुसार, यह अतिरिक्त सूची विज्ञापन संख्या 13/ 2024, 02/ 2026 और 04/ 2026 के तहत आने वाले विभिन्न पदों पर लागू होगी. इससे पहले जारी शॉर्टलिस्ट में शामिल नहीं हो सके कई अभ्यर्थियों को अब PMT में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
नई शॉर्टलिस्ट की जारी
फॉरेस्ट विभाग के तहत फॉरेस्टर पदों के लिए रिक्तियों की संख्या के 10 गुना तक अतिरिक्त उम्मीदवारों को बुलाया गया है. वहीं, फॉरेस्ट गार्ड पद के लिए पदों की संख्या के 5 गुना तक अतिरिक्त अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है. इसके अलावा स्पोर्ट्स कोटा के तहत डिप्टी रेंजर पद के सभी शेष पात्र उम्मीदवारों को भी PMT के लिए बुलाया गया है. आयोग ने वार्डर (महिला) स्पोर्ट्स कोटा से जुड़े पात्र अभ्यर्थियों को भी अतिरिक्त सूची में शामिल किया है. हालांकि, वार्डर (महिला) स्पोर्ट्स कोटा की एक श्रेणी में कोई अतिरिक्त पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं था, इसलिए उस श्रेणी के लिए अलग सूची जारी नहीं की गई.
विज्ञापन संख्या 13/2024, 02/2026 और 04/2026 के अंतर्गत PMT हेतु अतिरिक्त अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्ट जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से लिस्ट को देख सकते हैं।
शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की लिस्ट हेतु लिंक:https://t.co/xSwChRBcll
व्हाट्सएप चैनल लिंक :…
— Himmat Singh (@advhimmatsingh) June 29, 2026
अभ्यर्थियों को राहत
आयोग ने 10, 15 और 20 जून 2026 को PMT के लिए प्रारंभिक शॉर्टलिस्ट जारी की थी. अधिकांश पदों के लिए रिक्तियों की संख्या के 25 गुना तक अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जबकि विज्ञापन संख्या 13/2024 के तहत केवल 10 गुना उम्मीदवारों को ही शॉर्टलिस्ट किया गया था. अब बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के PMT में अनुपस्थित रहने के कारण आयोग ने अतिरिक्त सूची जारी कर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है. आयोग ने सभी अतिरिक्त सूची में शामिल अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पात्रता और संबंधित विवरण देख सकते हैं.