चंडीगढ़ | हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना 25 सितंबर से शुरू हो जाएगी, जिसके तहत पात्र महिलाओं को एक नवंबर से हर महीने 2100 रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे. मंगलवार को सरकार ने इस योजना की अधिसूचना जारी कर दी है.
गलत तरीके से लाभ पर भारी जुर्माना
राज्य सरकार ने प्रावधान किया है कि अगर किसी महिला ने गलत जानकारी देकर इस योजना का लाभ लिया, तो उसे वह राशि 12% वार्षिक व्याज के साथ लौटानी होगी. जिलों में समाज कल्याण अधिकारी को यह राशि वसूलने का अधिकार होगा. रुपये नहीं लौटाने पर महिला के परिवार के सदस्य (पति/ बेटा) से हरियाणा भूमि राजस्व अधिनियम के तहत भू- राजस्व के बकाया के रूप में यह वसूल की जाएगी. यदि उनके परिवार के पास कोई चल- अचल संपत्ति नहीं है, तो कार्रवाई भी की जा सकेगी.
महिलाओं को हर महीने मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए खुद के पात्र होने का प्रमाण देना होगा. उनको लाडो लक्ष्मी ऐप के माध्यम से चेहरे का प्रमाणीकरण पूरा करके हर महीने लाइवनेस डिटेक्शन (बायोमेट्रिक सुरक्षा तकनीक) से गुजरना होगा. क्रिड सभी पात्र लाभार्थियों को हर महीने SMS भेज इसके बारे में याद भी दिलाता रहेगा.
जिस मानदंड के आधार पर पात्र महिला को लाभ दिया गया है, अगर वह मानदंड बाद में मौजूद नहीं है, तो वित्तीय लाभ मिलना बंद हो जायेगा. महिला के परिवार में किसी सदस्य की नौकरी लग जाती है अथवा परिवार गरीबी रेखा से बाहर हो जाता है, तो लाभ मिलना बंद हो जाएगा. लाभार्थी की मृत्यु होने पर भी भुगतान बंद होगा. महिला चाहे तो स्वेच्छा से कम राशि लेने का विकल्प भी चुन सकती है.
ऐप से होगा रजिस्ट्रेशन
महिलाओं को लाडो लक्ष्मी ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. ऐप से ही पहचान, सत्यापन, समाधान, शिकायत और निगरानी की जा सकेगी. आवेदन करने के बाद एक पंजीकरण आईडी मिलेगी. सभी पंजीकृत आवेदन सीआरआईडी (क्रिड) को भेजे जाएंगे. क्रिड 15 दिनों में परिवार पहचान पत्र व अन्य सत्यापन तंत्रों से मिलान करके विवरण का सत्यापन करेगा. उसके बाद क्रिड पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर पात्र महिलाओं को SMS भेजेगा और पूछेगा कि वह 2100 रुपये प्रति माह ही लेना चाहती हैं या इससे कम.
एक फोन से 25 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि एक मोबाइल फोन से 25 महिलाएं रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगी. लगातार दो महीने तक भुगतान विफल रहता है, तो आगे पैसा जारी नहीं होगा. भुगतान तभी शुरू होगा, जब बैंक खाता विवरण परिवार पहचान पत्र में अपडेट होगा. वित्तीय सहायता उसी महीने से अर्जित होगी, जिसमें आईडी जनरेट हुई होगी और राशि उसके अगले महीने से मिलेगी.
