चंडीगढ़ | पंजाब सहित चंडीगढ़ और हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने पंजाब को बड़ी सौगात देते हुए सालों से लटके पड़े चंडीगढ़- राजपुरा रेलवे लाइन को हरी झंडी दिखा दी है. 18 किलोमीटर लंबी यह रेलवे लाइन मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला से होकर गुजरेगी. 443 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाली इस रेलवे लाइन के बिछने पर चंडीगढ़ को लुधियाना और अमृतसर से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.
दूरी तय करने से मिलेगा छुटकारा
इस रेलवे लाइन के बनने से चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब के लोगों को फायदा पहुंचेगा क्योंकि जब राजपुरा लाइन मिलेगी तो सरहिंद, लुधियाना और जालंधर समेत अन्य शहरों की डगर आसान हो जाएगी. पहले ट्रेन सीधे अंबाला जाती थी. उसके बाद, चंडीगढ़ से वापस आती थी. अब राजपुरा में सराय बनजारा स्टेशन से रेलवे लाइन जुड़ेगी. दोनों स्टेशनों के बीच 66 किलोमीटर की दूरी थी. अब इस दूरी को नई रेलवे लाइन के जरिए खत्म किया जा रहा है. इससे लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा.
केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि चंडीगढ़- राजपुरा रेलवे परियोजना के लिए 3 साल की समय- सीमा निर्धारित की गई है. इस प्रोजेक्ट में पंजाब सरकार का भी पूरा सहयोग रहेगा क्योंकि अभी जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा जाएगा. वहीं, रेलवे चेयरमैन की ओर से मुख्य सचिव को भी आज ही पत्र भेजा जाएगा. रेलवे स्टेशन से जुड़े काम 2026 तक पूरे हो जाएंगे.
नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात
केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि फिरोजपुर कैंट से दिल्ली के बीच नई वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा. यह ट्रेन भटिंडा, धूरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरूक्षेत्र और पानीपत होते हुए चलेगी. 486 किलोमीटर की इस दूरी को वंदे भारत ट्रेन 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी. यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिन संचालित होगी.
प्रस्तुत स्लाइड के अनुसार, यह ट्रेन सुबह 07.55 बजे फिरोजपुर कैंट से रवाना होकर दोपहर ढाई बजे दिल्ली पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में दिल्ली से शाम 4 बजे रवाना होकर रात 10.35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी. उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही इस ट्रेन के संचालन को मंजूरी प्रदान करेंगे.
