भिवानी | हरियाणा के कॉलेजों में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है. आवेदन करने की लास्ट डेट 31 मई है और विद्यार्थियों के पास आवेदन के लिए अब सिर्फ पांच दिन का वक्त बाकी है. जिन विद्यार्थियों ने वक्त रहते ऑनलाइन आवेदन नहीं किया उन्हें फेवरेट सब्जेक्ट में एडमिशन के लिए फाइनल कटऑफ तक इंतजार करना पड़ सकता है.

कॉलेजों में कटऑफ लिस्ट होगी जारी
कॉलेज प्रशासन की तरफ से विद्यार्थियों और अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र आवेदन करने की अपील की गई है. दाखिला प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन के बाद कॉलेजों में कटऑफ लिस्ट जारी की जाएगी. सीटों के मुताबिक, कटऑफ पूरी होने के बाद जिन संकायों में सीटें रिक्त बचेंगी, उनमें एडमिशन के लिए विभाग की तरफ से फिर से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन मांगे जाएंगे. उस वक्त में विद्यार्थी सिर्फ उन्हीं संकायों में अप्लाई कर सकेंगे जहां सीटें रिक्त होंगी.
11 जून को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट
अंतिम तिथि के दौरान पोर्टल पर ज्यादा लोड होने की वजह से वेबसाइट प्रभावित होने की संभावना भी बनी रहती है. ऐसे में विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन कर देना चाहिए. स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि पास आने के बावजूद परंपरागत कोर्सों में विद्यार्थियों का रुझान अभी काफी कम है. इसका मुख्य कारण विद्यार्थियों का तकनीकी शिक्षा की तरफ बढ़ता झुकाव कहा जा रहा है. पहली मेरिट लिस्ट 11 जून को जारी होगी और उसी दिन से दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
रविवार को भी रजिस्ट्रेशन सुविधा उपलब्ध
एमएनएस राजकीय महाविद्यालय के उप प्राचार्य जगबीर मान ने बताया कि उच्च शिक्षा आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी रुचि और योग्यता के मुताबिक पाठ्यक्रम चुने. उन्होंने बताया कि कॉलेज में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह फ्री है. इसके साथ ही रविवार को भी सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक रजिस्ट्रेशन सुविधा उपलब्ध होगी. कॉलेज में विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क और सब्जेक्ट काउंसिलिंग की व्यवस्था भी है. जहां अनुभवी प्राध्यापक गाइडेंस दे रहे हैं.
एडमिशन के लिए 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, डोमिसाइल, फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे.