चंडीगढ़ | देशभर के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं. सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ भी इससे अछूता नहीं है. यहां के लोग सुबह होते ही सूरज की तेज किरणों का सामना करने को मजबूर हैं. ऐसे में सेक्टर 28 निवासी एक ढाबा संचालक ने लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए एक अनोखा आइडिया अपनाया है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं.
4 साल पहले लंदन में देखा था सिस्टम
बीते कई दिनों से चंडीगढ़ में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. इस कारण लोग अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट में जाकर आराम से खाना भी नहीं खा पा रहे हैं. इसी परेशानी को देखते हुए सेक्टर 28 स्थित ‘ओल्ड पाल ढाबे’ ने एक नया तरीका निकाला है. ढाबे के बाहर मिस्ट फॉगिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे हल्की फुहारें निकलती हैं और आसपास का तापमान कम हो जाता है. ढाबा मालिक ने बताया कि उन्होंने यह सिस्टम 4 साल पहले लंदन में देखा था, जहां गर्मी से राहत दिलाने के लिए इसी तरह का जुगाड़ किया गया था.
ऐसे चलता है यह सिस्टम
गर्मी में जब लोग इस ढाबे पर पहुंचते हैं, तो वहां की ठंडक उन्हें राहत देती है. ढाबा मालिक ने बताया कि मिस्ट फॉगिंग सिस्टम के लिए एक विशेष फिल्टर का उपयोग किया गया है और इसमें सिर्फ साफ पानी ही डाला जाता है. यह सिस्टम रोजाना सुबह 4 घंटे और शाम 4 घंटे तक चलाया जाता है. इसके लिए प्रतिदिन करीब 1000 लीटर पानी की जरूरत पड़ती है.
ढाबे पर बढ़ी भीड़
1960 से चल रहा ‘ओल्ड पाल ढाबा’ बॉलीवुड और टीवी की कई बड़ी हस्तियों की मेजबानी कर चुका है. इन हस्तियों की तस्वीरें आज भी ढाबे की दीवारों पर लगी हैं. ढाबा तीन पीढ़ियों से ग्राहकों को आकर्षित करता आ रहा है. मालिक ने बताया कि ग्राहक संख्या में 40% स्थानीय लोग हैं, जबकि 60% टूरिस्ट आते हैं. कर्मचारियों के अनुसार, इस अनोखे आइडिया से ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ है. खास बात यह है कि शाम के समय यहां रंग-बिरंगी लाइट्स से माहौल और भी खूबसूरत हो जाता है. लोग यहां आकर सेल्फी क्लिक करना नहीं भूलते.
