चंडीगढ़ | हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों की लिस्ट जारी कर दी गई है. राज्य भर में ध्वजारोहण समारोह सुबह 9 बजे से शुरू होगा. मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर सीएम, राज्यपाल और मंत्रियों की ओर से ध्वजारोहण करने की सूची जारी की गई है.
हुड्डा के गढ़ में ध्वजारोहण करेंगे मुख्यमंत्री
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सीएम नायब सैनी पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक में तिरंगा झंडा लहराएंगे. हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष अंबाला में तिरंगा ध्वजारोहण करेंगे. इस दौरान उनके साथ परिवहन और ऊर्जा मंत्री अनिल विज भी मौजूद रहेगें.
महेंद्रगढ़ में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, कैथल में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, गुरुग्राम में उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, करनाल में सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सिरसा में कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा और फरीदाबाद में खेल मंत्री गौरव गौतम तिरंगा फहराएंगे.
फतेहाबाद में ध्वजारोहण करेंगे PWD मंत्री
लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा फतेहाबाद में तिरंगा झंडा लहराएंगे. धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, पलवल में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, पंचकूला में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, हिसार में मंत्री कृष्ण बेदी और रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव तिरंगा झंडा लहराएंगे.
