चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर में जल्द ही एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा. 500 मीटर लंबा और 27 मीटर चौड़ा यह पुल मनीमाजरा को सेक्टर- 26 से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. इस पुल के निर्माण से लोगों की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.

कहां तक बनेगा नया पुल
यह पुल सेक्टर- 26 के टी- जंक्शन के पास से शुरू होकर शास्त्री नगर के पास खत्म होगा. इस पुल की ऊंचाई आसपास की सड़कों के बराबर ही रहेगी, ताकि वाहनों को पुल पर चढ़ते और उतरते समय आसानी हो सके. टी- जंक्शन की ऊंचाई भी मात्र 2 मीटर रखी जाएगी. इससे ट्रैफिक और भी आसानी से चल सकेगा.
ट्रांसपोर्ट चौक की तरफ एक स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा. सेक्टर- 26 की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए मनीमाजरा की तरफ एक फ्री लेन दी जाएगी. इसका मतलब है कि सेक्टर- 26 से मनीमाजरा जाने वाले लोगों को बिना रुके जाने के लिए एक अलग रास्ते का विकल्प मिलेगा.
ट्रैफिक के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण पुल
पुराना पुल सुखना चौक पर बना हुआ है, लेकिन उंचाई कम होने के चलते बारिश में अक्सर डूब जाता है. इस वजह से ट्रैफिक प्रभावित हो जाता है, लेकिन नया पुल इस समस्या से छुटकारा दिलाने का काम करेगा.
ट्रैफिक संचालन के हिसाब से यह पुल बहुत ही महत्वपूर्ण है. यह पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट, हरियाणा सचिवालय, सुखना लेक और उत्तरी सेक्टरों को जाने का प्रमुख सड़क मार्ग हैं. पंचकूला, मनीमाजरा, आईटी पार्क और दूसरे शहरों से आने वाले लोग भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं. यह पुल पंचकूला से आने वाले ट्रैफिक के लिए शहर का एक मुख्य लिंक मार्ग भी हैं.