चंडीगढ़ | हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने बड़े पैमाने पर नए सेक्टर विकसित करने की योजना बनाई है. राज्य के 5 जोन पंचकूला, हिसार, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद के 52 शहरों और कस्बों में 500 से ज्यादा नए सेक्टर बसाएं जाएंगे. इसके लिए ई- भूमि पोर्टल से करीब 1.46 लाख एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी.
HSVP के मुख्य प्रशासक चंद्रशेखर खरे ने बताया कि उपरोक्त पांचों जिलों के प्रशासकों और सभी संपदा अधिकारियों को पत्र लिखकर आगामी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं. ई- भूमि खरीद पोर्टल के माध्यम से संबंधित जोन में अधिग्रहण के योग्य भूमि का ब्योरा भी मांगा जा चुका है. मांगे गए भूमि के ब्योरे में राजस्व वितरण, खसरा संख्या भी ई-भूमि पोर्टल पर अपलोड करना होगा.
रियायती दरों पर मिलेगे प्लॉट
उन्होंने बताया कि HSVP मुख्यालय की ओर से चारों श्रेणियों में जोनवार प्रस्तावित जमीनों के भी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं. योजना पर काम होने से सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि शहरों के निकट शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा. अवैध कॉलोनियों को काटने वालों पर अंकुश लगेगा. योजना पर काम हुआ तो आमजन को रियायती दरों पर प्लॉट मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा.
इन जगहों पर बसेंगे नए सेक्टर
- पंचकूला जोन में पिंजौर- कालका, पंचकूला एक्सटेंशन (अलीपुर), रायपुररानी, यमुनानगर/ जगाधारी, शाहबाद, कैथल, करनाल, असंध, इंद्री, नीलोखेड़ी, कुरुक्षेत्र, पिहोवा, लाड़वा आदि शहर- कस्बे योजना में शामिल किए गए हैं.
- हिसार जोन में हिसार, हांसी, अग्रोहा, नारनौंद, उकलाना, बरवाला, जींद, नरवाना, उचाना, फतेहाबाद, टोहाना और भूना शामिल हैं.
- रोहतक जोन में रोहतक, सांपला, कलानौर, सोनीपत, पानीपत, इसराना, खरखौदा, गन्नौर, गोहाना, झज्जर, बहादुरगढ़, आरोग्यधाम बाढ़सा, बेरी शहर या कस्बे शामिल हैं.
- गुरुग्राम जोन में गुरुग्राम, रेवाड़ी, धारूहेड़ा, सोहना, पटौदी, फरूखनगर और गोलपहली को योजना में शामिल किया गया है.
- फरीदाबाद जोन में फरीदाबाद, नूंह, तावडू और होडल को शामिल किया गया है.
