चंडीगढ़ | हरियाणा में शादी- विवाह में छपने वाले निमंत्रण कार्ड आजकल सुर्खियों में बने हुए हैं. कुछ लोग शादी कार्ड को जहां हरियाणवी भाषा में छपवाकर इसे रोचक बना रहे हैं, तो आजकल एक अलग तरह का ट्रेंड शादी कार्ड को और ज्यादा रोचक बना रहा है. इस शादी के कार्ड पर एनआरआई कल्चर का फ्लैग देखने को मिल रहा है.
पासपोर्ट जैसा शादी कार्ड
अब मार्केट में एक ऐसा शादी का कार्ड सुर्खियां बटोर रहा है जिसे देखकर लगता है कि ये पासपोर्ट है. इसमें बोर्डिंग पास से लेकर-एयर टिकट तक सारी चीज़ें पासपोर्ट की तरह ही बनायी गई है. इस शादी के कार्ड का साइज़ भी पासपोर्ट की तरह ही है, जिसे वेडिंग पासपोर्ट का नाम दिया गया है.
पासपोर्ट जैसा शादी कार्ड बनवाने वाले एक युवा ने बताया कि उसने अपनी बहन के विवाह के लिए यह कार्ड बनवाया है. हालांकि उनके परिवार से कोई सदस्य विदेश में नहीं है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसा डिजाइन देखा था, जिसके बाद उन्होंने वैडिंग पासपोर्ट वाला कार्ड छपवाया है. ये कार्ड देखने में बहुत ही खूबसूरत लग रहा है.
लोगों को आ रहा पसंद
प्रिंटिंग प्रेस पर विज़िटिंग कार्ड छपवाने पहुंचे एक दुकानदार ने भी वैडिंग पासपोर्ट जैसे शादी कार्ड की सराहना की है. उसने कहा कि जिस तरह से युवाओं में विदेश जाने की होड़ मची हुई है, उसको देखते हुए रंग- ढंग में भी बदलाव नजर आ रहे हैं. वैडिंग पासपोर्ट जैसे शादी कार्ड का एक नया चलन है. मैं जब अपने बच्चों के विवाह का कार्ड बनवाऊंगा तो इसी तरह के कार्ड छपवाऊंगा क्योंकि ये क़ीमत में भी कम है और देखने में भी बहुत आकर्षक है. इस कार्ड की कीमत मात्र 10 रूपए है.
प्रिंटिंग प्रेस धारक ने बताया कि समय के अनुसार शादी कार्ड के ट्रैंड में बदलाव नजर आ रहे हैं. कुछ लोग हरियाणवी भाषा में कार्ड छपवाते हैं. किसान आंदोलन के समय ‘No Farmer- No Food’ और किसानी से जुड़े स्लोगन वाले कार्ड काफी प्रचलित हुएं थे. अब वैडिंग पासपोर्ट जैसे शादी कार्ड भी काफी सुर्खियां बटोर रहें हैं.
