चंडीगढ़ | हरियाणा में परिवार पहचान पत्र से जुड़ी नई अपडेट सामने आई है. बता दें कि हरियाणा सरकार ने परिवार पहचान पत्र (PPP) में गलत तरीके से जुड़े व्यक्तियों के नाम हटाने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की है. अब व्यक्ति अपने PPP से किसी अनजान या गलत तरीके से जुड़े व्यक्ति का नाम घर बैठे ऑनलाइन हटवा सकेंगे. इसके लिए सरकार ने पोर्टल पर नई सुविधाएं उपलब्ध कराई है.

लंबे समय से चल रही समस्या का समाधान
PPP के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि पिछले काफी समय से ऐसी शिकायतें मिल रही थी कि कई परिवारों की family id में गलत व्यक्तियों के नाम जुड़ गए है. कई मामलों में संबंधित व्यक्ति की पहचान करना मुश्किल होता था और पहचान होने के बाद भी तकनीकी कारणों से नाम हटाने में काफी समस्या आती थी. इन समस्याओं को देखते हुए सरकार ने ‘डिलीट अनवांटेड’ मॉड्यूल में सुधार किया है, जिससे पूरी प्रक्रिया अब पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है.
ADC स्तर पर निपटारा
नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपनी सिटीजन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन प्रक्रिया में सबसे पहले संबंधित टारगेट PPN ID का चयन करना होगा. इसके बाद पोर्टल पर संबंधित परिवारों की सूची दिखाई देगी, जिसमें परिवार का मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर के अंतिम 4 अंक भी प्रदर्शित किए जाएंगे. इससे सही परिवार की पहचान करना आसान होगा.
इसके बाद परिवार मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा. OTP सत्यापन पूरा होने के बाद आवेदन अपने आप संबंधित ADC के पास मंजूरी के लिए पहुंच जाएगा. फिर जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ADC आवेदन को मंजूरी प्रदान करेंगे.