चंडीगढ़ | हरियाणा में रोजगार की बाट जोह रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) ने नई शिक्षा नीति के तहत एक बड़ा कदम उठाया है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में संस्कार शिक्षक नियुक्ति किए जाएंगे. केश कला एवं कौशल विकास बोर्ड के निदेशक नरेश सेलपाड़ ने यह जानकारी दी है.
कल्चर मिनिस्ट्री का रहेगा सहयोग
बोर्ड निदेशक नरेश सेलपाड़ ने बताया कि ये शिक्षक बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कृति, गौरव और नैतिक मूल्यों की शिक्षा देंगे. यह प्रोजेक्ट स्कूल एजुकेशन और साक्षरता मिशन के तहत चलाया जाएगा. इसमें कल्चर मिनिस्ट्री का भी सहयोग रहेगा.
महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण
संस्कार शिक्षक नियुक्ति के लिए न्यूनतम योग्यता कक्षा 12वीं पास होना चाहिए. आवेदनकर्ता की उम्र 18- 42 के बीच होनी चाहिए. एससी- एसटी और पूर्व सैनिकों को 3 साल की छूट का लाभ मिलेगा. वहीं, महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान किया गया है.
नरेश सेलपाड़ ने बताया कि नवचयनित संस्कार शिक्षकों को स्कूलों में प्रतिदिन 2 घंटे बच्चों को पढ़ाना होगा. एक गांव में स्कूल होने पर वही पढ़ाना होगा, जबकि दो स्कूल होने पर अलग- अलग दिन या समय पर सेवाएं देनी होगी. इस कार्य के लिए चयनित संस्कार शिक्षकों को 9,240 रूपए प्रति महीना वेतन मिलेगा.
निगरानी के लिए कमेटी गठित
उन्होंने बताया कि इस योजना की निगरानी के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की जाएगी. इसमें शामिल सदस्य कक्षा 12वीं पास और समाजसेवा से जुड़े होंगे. यह कमेटी एसएमसी से अलग होगी. एसएमसी के सदस्य भी इसमें शामिल हो सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें शैक्षणिक मापदंड पूरे करने होंगे.
