चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने ग्राम पंचायतों की बैठक में ग्रामीण की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि अब ग्राम सभा की बैठक में शामिल होने वाले लोगों को चाय-नाश्ता जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इसके लिए ग्राम पंचायतों को 4 हजार रुपए ग्राम सभा की बैठक के लिए मंजूर किए गए हैं जबकि पहले सरपंच को अपनी जेब से खर्च उठाना पड़ता था.
सरकार ने जारी किया आदेश
राज्य सरकार ने ग्राम सभा की बैठक में चाय- नाश्ता के लिए पंचायतों को 4 हजार रुपए खर्च करने की अनुमति देने का आदेश जारी कर दिया है. इस आदेश में लिखा है कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा पंचायती राज एक्ट, 1994 की धारा 44 के तहत 4 हजार रुपए की सीमा तक खर्च करके ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा की बैठकों के दौरान चाय और नाश्ता परोसने के लिए अधिकृत करने का फैसला लिया गया है.
ग्रामीणों की बढ़ेगी भागीदारी
इस संबंध में सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि इस फैसले को सभी ग्राम पंचायतों के ध्यान में लाकर सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई करें. प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि पंचायत सेक्रेटरी की अध्यक्षता में होने वाली ग्राम सभा की बैठकों में ग्रामीणों की ज्यादा- से- ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है.
ग्राम सभा की बैठक में अब चाय- नाश्ता के प्रबंध के लिए सरपंच 4 हजार रुपए खर्च कर सकेंगे, जबकि पहले उन्हें यह खर्च अपनी जेब से करना पड़ता था. इस फैसले से निश्चित तौर पर ग्राम पंचायतों को राहत पहुंचेगी.
