चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है. सुबह की शुरुआत गुलाबी ठंड से होती है लेकिन दिन में तेज चमचमाती धूप से गर्मी का अहसास हो रहा है. रातें ठंड भरी होती है. इस खट्टी- मीठी ठंड से वायरल बीमारियों जैसे खांसी- जुकाम, बुखार, डायरिया, इंफेक्शन का खतरा बढ़ रहा है. ऐसे में जरूरी है कि अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखे.
सुबह – शाम की ठंड
अगर तापमान की बात करें तो राज्य में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है. रविवार को सबसे अधिक तापमान नूहं में दर्ज किया गया है, जो कि 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा है जिसके चलते अब सर्दी की लगभग विदाई होने वाली है और धीरे- धीरे गर्मी का आवागमन शुरू हो गया है. बीच- बीच में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण सुबह और शाम के समय थोड़ी ठंड रह सकती है.
मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार- चढ़ाव देखने को मिल सकता है. कल रात सक्रिय हुए एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में बादलवाई के साथ- साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. इसका ज्यादा असर राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है. इसके चलते तापमान में बदलाव होगा लेकिन ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी.
फरवरी के अंतिम दिनों और मार्च महीने की शुरुआत में हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में तापमान में एक साथ बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे आमजन को गर्मी का अहसास होगा. इससे स्थिति यही बनेगी कि समय से पहले गर्मी देखने को मिलने की संभावना है. शहरी क्षेत्रों गुरुग्राम व फरीदाबाद और दिल्ली जैसे राज्यों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है.
