चंडीगढ़ हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक और नया प्रयास किया गया है. छठ पर्व पर बिहार जाने वाले जिन लोगों को ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिली, उनकी परेशानी को दूर करते हुए बेगूसराय, पूर्णिया, मधुबनी, पटना और गया के लिए स्पेशल बसों का संचालन शुरू कर दिया है.

बिहार सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला, पानीपत और गुरुग्राम से 14 एसी बसों को हरी झंडी दिखाई गई हैं ताकि लंबी दूरी के इस सफर में यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें.
छठ पर्व पर बड़ी संख्या में जाएंगे बिहार
सूबे की नायब सैनी सरकार में परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि बिहार सरकार से एक पत्र मिला था जिसमें कहा गया था कि हरियाणा में बड़ी संख्या में कामकाजी बिहार के लोग छठ पर्व पर अपने घरों की ओर लौटेंगे. इस मांग को ध्यान में रखते हुए बिहार के लिए स्पेशल बसें संचालित करने का फैसला लिया गया है.
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा से बिहार का सफर बहुत अधिक लंबा है. ऐसे में यात्रियों का सफर आरामदायक और सुविधाजनक हो, इसके लिए स्पेशल एसी बसें संचालित की जाएगी. हमारी सरकार का उद्देश्य हैं कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित, समय पर और सुखद यात्रा करते हुए अपने परिवार के साथ छठ पर्व मना सकें. यह बसें बिहार राज्य परिवहन उपक्रम द्वारा निजी आपरेटरों के साथ अनुबंध के माध्यम से संचालित की जा रही हैं.
बसें चलने का शेड्यूल
- अंबाला: पूर्णिया के लिए शाम 4 बजे और साढ़े 4 बजे. मधुबनी के लिए शाम 5 बजे.
- पानीपत: मधुबनी के लिए दोपहर 12 बजे, 3 बजे और शाम 5 बजे.
- गुरुग्राम (राजीव चौक से): बेगुसराय के लिए शाम 5 बजे, पटना के लिए शाम 6 बजे और गया के लिए शाम 7 बजे.