चंडीगढ़ | एक लंबे अंतराल के बाद हरियाणा के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के खुलने का समय आ गया है. आज विद्यार्थियों की ग्रीष्मकालीन अवकाश का अंतिम दिन है. 1 जुलाई से सभी विद्यालय पुनः पहले की भाँति खुल जाएंगे. प्राथमिक विद्यालयों में तीसरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 5 जुलाई को पीटीएम (पेरेंट्स टीचर मीटिंग) का आयोजन किया जाएगा.
इससे पहले विद्यालय में मटका दौड़, नींबू दौड़, तीन पैर दौड़, म्यूजिकल चेयर और रस्सा कसी जैसे खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा जिनमें अभिभावकों की भी भागीदारी रहेगी. इस संबंध में विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा पत्र जारी किया गया है.
वास्तविक जीवन से जोड़ने का मौका
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को गृह कार्य भी दिया गया था. यह कार्य इस प्रकार से तैयार किया गया था कि विद्यार्थी अनुभव आधारित गतिविधियों से जुड़ सकें. इससे उन्हें न केवल वास्तविक जीवन से जोड़ने का मौका मिलेगा, बल्कि उनकी रचनात्मकता, स्वायत्तता और जिज्ञासा को भी बढ़ावा मिलेगा. इसी क्रम में 5 जुलाई को राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में पीटीएम का आयोजन किया जाएगा. इस दिन किसी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि नहीं होगी.
मीटिंग का मुख्य उद्देश्य
निगरानी को सुनिश्चित करने के लिए सभी क्लस्टर मुखिया, बीआरपी और एबीआरसी विद्यालयों का दौरा करेंगे और अभिभावकों से फीडबैक भी लेंगे. इसके बाद वे एक गूगल फॉर्म भरकर अपनी रिपोर्ट भेजेंगे. इस मीटिंग का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक खामियों को समझना और विषयों पर उनकी पकड़ को मजबूत करना है.
