चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है. इसी कड़ी में राज्य सरकार ने आम नागरिकों को नई योग्यताओं को सीखने एवं अपने हूनर को निखारने के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है. इसका मुख्य लक्ष्य IIT की लाइब्रेरी और वर्कशॉप की सुविधा आम आदमी के लिए उपलब्ध कराना है ताकि आम जनता को भी फायदा हो सके.

हरियाणा में 5 जनवरी से शुरू होगी प्रक्रिया
जिला उपायुक्त कुमार मीणा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा यह अनोखी पहल आम जनता के लिए की गई है. पहले सिर्फ IIT के विद्यार्थी और स्टॉफ इन सेवाओं का लाभ उठाते थे, अब आम आदमी भी इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे. सरकार ने 2025- 26 के बजट के दौरान इसकी घोषणा की थी. अब 5 जनवरी से इसे शुरू किया जा रहा है. इसके लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय हरियाणा ने आम जनता के लिए पोर्टल लॉन्च कर दिया है. अब आम नागरिक IIT की वर्कशॉप और उसमें मौजूद इक्विपमेंट, टूल आदि का प्रयोग कर सकेंगे.
स्किल डेवलपमेंट के प्रति नई पहल
जिला उपायुक्त ने बताया कि आम जनता को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एडवांस बुकिंग के जरिए करना होगा ताकि किसी को कोई समस्या उत्पन्न न हो. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण के बाद ही इस सेवा का लाभ मिल सकता है. यह प्रदेश सरकार की स्किल डेवलपमेंट के प्रति एक नई पहल है. इस सुविधा का लाभ लेने के लिए itiharyana.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ेगा. इसके बाद ही, IIT में मौजूद वर्कशॉप और लाइब्रेरी का लाभ उठा सकते है.