चंडीगढ़ | हरियाणा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि जापान ने राज्य में ऑटोमोबाइल, शिक्षा और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने का निर्णय लिया है जिससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. दरअसल, जापान के प्रतिनिधिमंडल ने विदेश सहयोग विभाग के साथ समझौता करने में अपनी रुचि दिखाई है.

हरियाणा में नौकरियों की बहार
इस संबंध में जापान के मिजुहो बैंक के प्रबंध संचालक एवं इंडिया हेड रयो मुराओ के प्रतिनिधत्व में प्रतिनिधिमंडल द्वारा गुरुवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से सिविल सचिवालय में मुलाकात की गई. इस दौरान आर्थिक विकास को मजबूत करने और व्यवसायिक निवेश के नए अवसरों की उम्मीदों पर बातचीत हुई. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हरियाणा की प्रगतिशील एवं आधुनिक नीतियों और मजबूत बिजनेस तकनीकों से प्रभावित होकर मिजुहो बैंक ने अपना कार्यालय दिल्ली से गुरुग्राम लाने का फैसला लिया है.
उन्होंने हरियाणा में अपनी गतिविधियों और निवेश के दायरे को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार से अनुरोध किया. इसी पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने तसल्ली देते हुए कहा कि हरियाणा ईमानदारी, आधुनिक मूलभूत सुविधाओं और श्रेष्ठ मानव संसाधन के साथ एक स्थिर एवं निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है.
विदेशी पूंजी निवेश को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने विदेशी पूंजी निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए विदेश सहयोग गठन किया है. यह विभाग राज्य में निरंतर विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के साथ- साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य की शांतिपूर्ण संबंधों को बनाए रखने, द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा. विदेश सहयोग गठन लगातार ‘गो ग्लोबल अप्रोच’ यानि व्यवसाय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने का कार्य कर रहा है.