चंडीगढ़ | हरियाणा में महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. लाडो लक्ष्मी योजना के तहत, महिलाओं को हर महीने 2100 रूपए आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है. विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस योजना का ऐलान किया था.
बजट में 5 हजार करोड़ का प्रावधान
सीएम नायब सैनी ने बतौर वित्त मंत्री वित्त वर्ष 2025- 26 का बजट पेश करते हुए लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 5 हजार करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया था. राज्य सरकार अब इस बात को लेकर बड़े स्तर पर मंथन कर रही है कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर (BPL) श्रेणी की महिलाओं को प्रदान किया जाए या फिर पति- पत्नी दोनों की इनकम मिलाकर 3 लाख रुपए सालाना तक आमदनी वाली महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जाए.
प्रदेश की महिलाओं को इस योजना के तहत 2100 रूपए प्रति महीना सहायता राशि देने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय ने लगभग होमवर्क पूरा कर लिया है. खुद सीएम नायब सैनी इस योजना को लागू करने के प्रारूप पर अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त कर रहे हैं. इस योजना के तहत, 23 साल से 60 साल तक की आयु वाली महिलाओं को शगुन के तौर पर 2100 रुपए की राशि दी जाएगी.
सरकारी खजाने पर पड़ेगा सीधा असर
हरियाणा सरकार यदि BPL श्रेणी की महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपए की आर्थिक सहायता राशि देती है, तो इससे 25 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी और सरकारी खजाने पर हर महीने 500 करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ पड़ेगा. यदि 3 लाख रुपए सालाना आय तक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा, तो इस दायरे में करीब 40 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी और सरकारी खजाने से हर महीने 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे. सरकारी नौकरी या फिर किसी अन्य योजना के तहत पेंशन का लाभ उठाने वाली महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
बैंक खातों को किया जा रहा लिंक
सीएम ने महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ जल्दी प्रदान करने के लिए अधिकारियों को समस्त होमवर्क यथाशीघ्र पूरा करने के आदेश दिए हैं. परिवार पहचान पत्र (PPP) में महिलाओं के बैंक खातों को लिंक करने का काम बड़ी तेजी से चल रहा है. क्रिड पंचायत लेवल ऑपरेटर (सीपीएलओ) इस काम को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं. इसके साथ ही, उन्हें फैमिली आईडी में महिलाओं की डेट ऑफ बर्थ वैरिफाई करने की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस योजना का लाभ देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बनेगा.
