चंडीगढ़ | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूबे की नायब सैनी सरकार निरंतर प्रयासरत हैं. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि राज्य सरकार ने लगभग 74.43 करोड़ रुपए की लागत राशि से 135 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है.
इन जिलों में बनेंगे सब- हेल्थ सेंटर
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 6993 लाख रुपए की धनराशि से 126 सब- हेल्थ सेंटर का निर्माण किया जाएगा. जिन जिलों में सब हेल्थ सेंटर स्थापित किए जाएंगे, उनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, फतेहाबाद, पलवल, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं.
450 लाख रुपए की लागत राशि से 9 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है. जिन जिलों में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स का निर्माण किया जाएगा, उनमें सिरसा, पानीपत, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर आदि शामिल हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की योजना
आरती राव ने कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास कर रही है. इसी दिशा में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है.
उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि जिस भी गांव या शहर में स्वास्थ्य संस्थान की जरूरत महसूस होगी, वहां बिना किसी देरी के यथाशीघ्र नए संस्थान का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा.
