चंडीगढ़ | हरियाणा में 7 अगस्त को जिला स्तर पर वन महोत्सव और पौधरोपण अभियान आयोजित किए जाएंगे. क्षेत्रीय वन मंडल की ओर से कुरुक्षेत्र गौशाला में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन होगा. वन मंडल अधिकारी रोहताश बिरथल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा होंगे. उनके साथ कई अन्य गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे.

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए. वन महोत्सव जनभागीदारी बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है.
संरक्षण का संकल्प
वन विभाग ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों और पर्यावरण प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पौधरोपण अभियान को सफल बनाने की अपील की है. जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च विद्यालय बनगांव में भी वन महोत्सव और पौधरोपण अभियान आयोजित किया जाएगा. सीटीएम गौरव गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रतिया के विधायक जरनैल सिंह और हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा शामिल होंगे.
ये लोग शामिल
विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, बलदेव ग्रोहा, राजपाल बैनीवाल, किसान कल्याण प्राधिकरण समिति के प्रतिनिधि, स्थानीय निकाय एवं ब्लॉक समिति के चेयरमैन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज में हरियाली के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.