चंडीगढ़ | हरियाणा में LPG गैस सिलेंडर की कमी को देखते हुए राज्य सरकार एक नई व्यवस्था लागू करने जा रही है. नई व्यवस्था के तहत लोग शादी के लिए अपनी जरूरत के हिसाब से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे. खासतौर पर बेटियों की शादी वाले परिवारों को प्राथमिकता देने की तैयारी है. इससे न केवल लोगों की गैस सिलेंडर की कमी पूरी होगी बल्कि पड़ोसियों और रिश्तेदारों से सिलेंडर मांगने का झंझट भी खत्म होगा.
शादी के दौरान नहीं होगी समस्या
इस योजना के तहत, शादी समारोहों के लिए आवश्यकतानुसार कमर्शियल LPG सिलेंडर उपलब्ध करवाएं जाएंगे. इसमें बेटियों की शादी वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की कमी न हो और कार्यक्रम सुचारू रूप से हो सके. अभी तक केवल शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग जैसे आवश्यक क्षेत्रों को ही विशेष परिस्थितियों में अतिरिक्त आपूर्ति का लाभ मिलता रहा है इसीलिए सरकार ने अब लोगों की जरूरतों को देखते हुए नई व्यवस्था लागू की है.
सरकार ने निर्देश दिए है कि हर जिले में DC की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी बनाई जाएगी. इस कमेटी का काम जिले में गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर नजर रखना और जरूरत के अनुसार वितरण सुनिश्चित करना है.
यह शर्तें होगी लागू
इस योजना का लाभ लेने के लिए सरकार ने कुछ शर्तें लागू की है, जिससे इसका दुरूपयोग ना हो सके. इसके तहत जरूरतमंद परिवार को आवेदन के लिए शादी का कार्ड, क्षेत्र के पटवारी या सरपंच का सत्यापन और आधार कार्ड जैसे पहचान पत्र जमा कराने पड़ेंगे. सरकार की इस पहल से उन परिवारों को सहायता मिलेगी, जिनके घर शादी समारोह का प्रोग्राम है.
