चंडीगढ़ | हरियाणा में आज 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह देखने को मिला. बता दें कि बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां हर वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया. राज्यभर में हजारों लोगों ने योगाभ्यास किया. पंचकूला के सेक्टर- 5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने करीब 10 हजार लोगों के साथ योग किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने योग शिक्षा और उसके विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं. गुरुग्राम में योग दिवस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी रहीं.

उन्हें सुबह 6:45 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना था लेकिन देरी होने के कारण प्रतिभागियों को कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा. जैसे ही शिल्पा शेट्टी मंच पर पहुंचीं, वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया.
हरियाणा में योग दिवस की धूम
उन्होंने योग के महत्व पर बात करते हुए प्रतिभागियों के साथ विभिन्न योगासन भी किए. वहीं, गुरुग्राम के एलान मॉल में अभिनेत्री एल्नाज नोरौजी ने भी योग कार्यक्रम में भाग लिया. दूसरी ओर करनाल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर मौजूद रहे लेकिन उन्होंने योगाभ्यास नहीं किया और पूरे कार्यक्रम के दौरान कुर्सी पर बैठकर गतिविधियां देखते रहे. हिसार में पूर्व मंत्री अनूप धानक कुछ कठिन योग मुद्राओं को करने का प्रयास करते नजर आए. वहीं, महेंद्रगढ़ के नारनौल में बारिश के कारण कार्यक्रम को स्टेडियम मैदान से बदलकर इनडोर स्थान पर आयोजित करना पड़ा.
CM सैनी ने की बड़ी घोषणाएं
योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कई अहम घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026- 27 में योग को कक्षा 6 के पाठ्यक्रम में शामिल किया जा चुका है. अगले शैक्षणिक सत्र से कक्षा 3 से 9 तक सभी कक्षाओं में योग शिक्षा को लागू किया जाएगा. इसके साथ ही, हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की परीक्षाओं में योग से जुड़े प्रश्न भी शामिल किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मोरनी में प्राकृतिक चिकित्सा और योग के लिए राज्य स्तरीय संस्थान स्थापित किया जाएगा.
LIVE: State level Function of International Yoga Day (Panchkula) https://t.co/HeqNSO0V1Q
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) June 21, 2026
तकनीकी खामियां भी आईं सामने
प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में योग विभागों का नाम बदलकर “भारत एवं योग विभाग” किया जाएगा. साथ ही, योगासन को राज्य खेल नीति में एक खेल विधा के रूप में शामिल करने की दिशा में भी काम होगा. उन्होंने योग निरीक्षकों और आयुष योग कोचों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने की बात भी कही. फतेहाबाद के टोहाना में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कुछ तकनीकी खामियां भी सामने आईं.
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महत्वपूर्ण घोषणाएँ pic.twitter.com/V4z9tmRzN7
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) June 21, 2026
सभी ने बढ़- चढ़कर लिया हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन चल रहा था, तभी अचानक बड़ी स्क्रीन बंद हो गई. कुछ देर बाद तकनीकी टीम ने इसे दोबारा शुरू किया. वहीं मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कुछ समय के लिए वॉल्यूम भी बंद हो गया, जिसे भाषण समाप्त होने से ठीक पहले बहाल किया गया. योग दिवस के कार्यक्रमों में प्रदेशभर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया.