चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी के बाढड़ा निवासी रामकिशन शर्मा का 72 वर्ष की आयु में खेलों के प्रति जोश अनूठा है. उनकी शारीरिक क्षमता और जुनून यह साबित करते हैं कि उम्र सिर्फ एक नंबर मात्र है. हाल ही में, उन्होंने नेशनल और स्टेट लेवल की दो प्रतियोगिताओं में 10 मेडल जीतकर सबको हैरान कर दिया.
नेशनल प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
रामकिशन शर्मा ने 29 से 31 जनवरी तक जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में 6 गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया. इसके बाद, 1 और 2 फरवरी को हिसार में आयोजित स्टेट प्रतियोगिता में भी उन्होंने 4 गोल्ड मेडल हासिल किए. इस शानदार प्रदर्शन के बाद, अब वह मार्च में बेंगलुरु में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं.
ऐसा रहा खेलों का सफर
रामकिशन शर्मा का खेलों का सफर 8 साल पहले शुरू हुआ था और अब यह उनके जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है. उनकी कठिन मेहनत और दृढ़ इच्छा शक्ति ने उन्हें इंटरनेशनल, नेशनल और स्टेट प्रतियोगिताओं में सफलता दिलाई. अब तक उन्होंने कुल 273 मेडल जीते हैं, जिसमें 6 अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडल, 149 गोल्ड, 25 सिल्वर और 5 कांस्य पदक और स्टेट प्रतियोगिताओं में 88 गोल्ड मेडल शामिल हैं.
