चरखी दादरी | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) सूबे में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में चरखी दादरी जिले को 21 साल बाद बड़ी सौगात मिली है. यहां 37.62 करोड़ रुपए की लागत राशि से चरखी दादरी- रोहतक स्टेट हाइवे का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा.

BJP विधायक ने किया शुभारंभ
चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुनील सांगवान ने गांव बौंद कलां में रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने पर दादरी से रोहतक, पानीपत और जींद सहित राजधानी चंडीगढ़ का सफर आसान हो जाएगा. लोगों को आवाजाही के लिए एक बेहतर सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी.
उन्होंने बताया कि विधायक बनने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने सबसे पहले दादरी- रोहतक स्टेट हाइवे निर्माण की मांग उठाई थी. सरकार ने उनकी मांग को तुरंत प्रभाव से मानते हुए इस योजना के लिए बजट राशि जारी की है. उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से किए गए अपने वादे को पूरा कर दिया है. उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है और उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए जनता की भलाई के कामों को प्राथमिकता से पूरा करने का संकल्प लिया है.
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: सांगवान
दादरी- रोहतक स्टेट हाइवे निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते तय समय से पहले काम को पूरा करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. सतपाल सांगवान ने इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दस साल के कार्यकाल में जो अधूरे कार्य छोड़े थे उसे बीजेपी सरकार पूरे कर रही है.