हिसार | चारों ओर से हताश चरखी दादरी (Charkhi Dadri) जिले का एक युवा बलजीत हिसार जिले के गांव नियाणा निवासी कोच मीनू के संपर्क में आता है, तो उसकी जिंदगी ही बदल जाती है. 113 किलोग्राम भारवर्ग वाला बलजीत वर्तमान में हिसार निवासी हैं. अपना वजन कम करने के लिए वह कई कोचों से सलाह लेता है, लेकिन वजन कम करना तो दूर की बात, उसको फिजिकल फिटनेस बनाए रखने के लिए गोलियां खाने की दी गई. यह सलाह उसके लिए नासूर बन गई थी. इसका उसके लिवर पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ा.
गांव पहुंचकर गुरु को किया सम्मानित
महावीर स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता और आर्मी व पुलिस भर्ती के लिए बच्चों को प्रशिक्षण देने वाले कोच मीनू से उसकी मुलाकात होती है. कोच मीनू के प्रशिक्षण से न केवल बलजीत का वजन घटकर 70 किलोग्राम रह गया, बल्कि उसने हरियाणा पुलिस और सीपीओ भर्ती की फिजिकल को भी पास कर दिखाया. बलजीत ने कोच मीनू का आदर- सम्मान करते हुए गुरु दक्षिणा के रूप में उन्हें स्पलेंडर बाइक भेंट की. जिसकी चौतरफा सराहना हो रही है.
निस्वार्थ भाव से गांव की सेवा
नेशनल स्पोर्ट्स अकेडमी, हिसार के अन्तर्गत महावीर स्टेडियम में बच्चों को पुलिस, आर्मी व अन्य एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की तैयारी कराने वाले कोच मीनू अपने गांव के बच्चों की भी निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं. आज उनके मार्गदर्शन में गांव के सैकड़ों बच्चे प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं. उनके पास रनिंग, वर्कआउट व स्पेशल ट्रेनिंग से फिजिकल पास कर आज अनेकों बच्चे आर्मी व पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
कोच मीनू ने बताया कि वे बच्चों को आर्मी व पुलिस भर्ती की गारंटीड ट्रेनिंग देते हैं. यदि कोई बच्चा उनके पास प्रशिक्षण हासिल कर रहा है और वो फिजिकल पास नहीं कर पाता है, तो उससे कोई फीस नहीं ली जाती है. उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए वो एथलेटिक्स प्रतियोगिता, पुलिस और आर्मी भर्ती का प्रशिक्षण देते हैं.
