हरियाणा की बेटी नूपुर ने कजाकिस्तान में जीता गोल्ड मेडल, दादा 2 बार के एशियाई गोल्ड मेडलिस्ट

चरखी दादरी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां की युवा पीढ़ी अपनी मेहनत और सच्ची लगन की बदौलत निरंतर देश- दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन कर रही है. इसी कड़ी में कजाकिस्तान में आयोजित हुए विश्व बॉक्सिंग कप में चरखी दादरी जिले के गांव उमरवास की बेटी नूपुर श्योराण ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है.

MPNews

गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा

कजाकिस्तान के अस्थाना में आयोजित विश्व बॉक्सिंग कप में नूपुर श्योराण ने फाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की मुक्केबाज को 5-0 के विशाल अंतर से हराते हुए भारत की झोली में गोल्ड मेडल डाल दिया. उन्होंने 80 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस विशेष उपलब्धि को हासिल किया.

नूपुर श्योराण के गोल्ड मेडल जीतने पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल बना हुआ है. बाढ़ड़ा से पूर्व जजपा विधायिका नैना चौटाला सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है. वहीं, बेटी के गोल्ड मेडल जीतने की खुशी में परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा है. नूपुर के माता- पिता ने इस खुशी के मौके पर कहा कि हमारी बेटी ने स्वर्ण पदक जीतकर न केवल हरियाणा और हिंदुस्तान बल्कि हमारा गौरव भी बढ़ाया है. हमें अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व है.

यह भी पढ़े -  महेंद्रगढ़ से खिलाड़ियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, इस गांव में बनेगा नया खेल स्टेडियम

11 बार के राष्ट्रीय चैंपियन रहे दादा

नूपुर श्योराण द्रोणाचार्य पुरस्कार अवार्डी स्वर्गीय कैप्टन हवासिंह श्योराण की पोती हैं. उनके दादा भारतीय हैवीवेट मुक्केबाज थे. उन्होंने 1966 और 1970 के एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा, हवासिंह श्योराण 11 बार के राष्ट्रीय चैंपियन भी रहे हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.