चरखी दादरी | दंगल गर्ल के नाम से मशहूर BJP नेत्री बबीता फोगाट की विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई है. चरखी दादरी स्थित अपने आवास स्थान पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने जहां पिछले विधानसभा चुनाव में हार का दर्द बयां किया. साथ ही, कहा कि कुश्ती के अखाड़े में सीखें दांव-पेचों को वह राजनीति के अखाड़े में सही ढंग से नहीं लगा पाई.

विधानसभा चुनाव लड़ेंगी दंगल गर्ल
बबीता फोगाट ने पिछली बार हार का जिम्मेदार कुछ अपनों को ठहराते हुए कहा कि गैरों से क्या शिकायत है. हालांकि, इस बार वे राजनीति के दांव- पेंच सीख चुकी है और मेहनत के बलबूते पार्टी टिकट देती है तो चरखी दादरी विधानसभा सीट से चुनावी रण में अवश्य उतरेंगी.
हरियाणा में तीसरी बार सत्ता हासिल करेगी BJP
सरपंचों के लिए की गई बड़ी घोषणाओं को लेकर उन्होंने सीएम नायब सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे हरियाणा की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा और बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करेगी. उन्होंने कहा कि पहलवान मेहनत करना जानते हैं लेकिन राजनीति की उन्हें इतनी समझ नहीं होती है. पिछली बार कुछ कमियों की वजह से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इस बार पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगी.
कांग्रेस पर निशाना साधा
बबीता फोगाट ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में मां- बेटा और हरियाणा में बाप- बेटे की जोड़ी ने पार्टी को हाशिए के कगार पर पहुंचा दिया है. कांग्रेस परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पा रही है. इसी वजह से दुखी होकर किरण चौधरी को कांग्रेस पार्टी छोड़नी पड़ी. भुपेंद्र हुड्डा पार्टी के सीनियर नेताओं की परवाह न करते हुए सिर्फ अपने बेटे को आगे करने का काम कर रहे हैं.