चंडीगढ़ | कभी देसी बोली और ठेठ अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले हरियाणवी गीत अब देश के बड़े म्यूजिक प्लेटफॉर्म और बॉलीवुड तक अपनी मजबूत जगह बना रहे हैं. इसी कड़ी में बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर सोनू निगम ने पहली बार हरियाणवी गाने को अपनी आवाज दी है. उनके साथ हरियाणवी सिंगर रेणुका पंवार की आवाज सुनाई दे रही है. दोनों की आवाज में तैयार गाना ‘चुन्नी’ 7 अगस्त को रिलीज हुआ.

रिलीज के महज 3 दिन में गाने को 28 लाख व्यूज मिल चुके हैं. खास बात यह है कि गाने की कहानी, राइटिंग और डायरेक्शन से लेकर म्यूजिक तक हरियाणा और आसपास के कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
हरियाणवी डेब्यू ने मचाई धूम
इस गाने को लेकर हरियाणवी और बॉलीवुड सिंगर रेणुका पंवार ने बातचीत में सोनू निगम के साथ काम करने, दोनों की मुलाकात और ‘चुन्नी’ के बनने की पूरी कहानी साझा की. रेणुका पंवार की करीब एक साल पहले ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के मालिक राजकुमार के जरिए सोनू निगम से मुलाकात हुई थी. राजकुमार रेणुका और सोनू निगम के CMS (कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम) का काम देखते हैं. रेणुका की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उन्होंने सोनू निगम के सामने हरियाणवी गाना करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सोनू ने पसंद किया.
‘चुन्नी’ से पहली बार हरियाणवी में गाया
सोनू निगम ने हिंदी के अलावा कई भाषाओं और बोलियों में गाने गाए हैं, लेकिन ‘चुन्नी’ के जरिए उन्होंने पहली बार हरियाणवी गाने को आवाज दी. गाने में हरियाणवी शब्दों और ठेठ उच्चारण को सही अंदाज में पेश करने के लिए लेखक आमीन बड़ौदी ने सोनू निगम की मदद की. सोनू निगम खुद फरीदाबाद से हैं और हरियाणवी को समझते हैं. सोनू ने बताया कि हरियाणवी बोली के अपने खास तेवर हैं और इन्हें सही तरीके से गाने के लिए आमीन बड़ौदी ने उनकी मदद की. उन्होंने आमीन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें हरियाणवी की अच्छी समझ है और वे बहुत अच्छा लिखते हैं.
View this post on Instagram
पांचवें पर बनी बात
‘चुन्नी’ से पहले आमीन बड़ौदी ने सोनू निगम के लिए चार गाने लिखे थे, लेकिन उनके लिरिक्स सोनू को पसंद नहीं आए. इसके बाद आमीन ने पांचवां गाना ‘चुन्नी’ लिखा. यह गाना सोनू निगम को पसंद आया और उन्होंने इसे गाने के लिए सहमति दे दी. ‘चुन्नी’ की राइटिंग आमीन बड़ौदी ने की है, जबकि डायरेक्शन साहिल संधू ने संभाला है. इसका म्यूजिक चंडीगढ़ के OG म्यूजिक ने तैयार किया है. यानी गाने के निर्माण में शुरुआत से ही हरियाणा से जुड़े कलाकारों की अहम भूमिका रही.
मुंबई में की रिकॉर्डिंग
सोनू निगम ने जून में मुंबई स्थित अपने स्टूडियो में गाने का मेल वर्जन रिकॉर्ड किया. वहीं, रेणुका पंवार ने चंडीगढ़ के OG म्यूजिक स्टूडियो में फीमेल वर्जन की रिकॉर्डिंग की. इसके बाद, गाने की शूटिंग दुबई में की गई ताकि वीडियो को इंटरनेशनल लुक दिया जा सके. रेणुका पंवार ने बताया कि बचपन से वह और उनका परिवार सोनू निगम के गाने सुनते आए हैं. ऐसे में उनके साथ गाना करना उनके लिए सपने के पूरा होने जैसा है. जब रेणुका ने सोनू से कहा कि आपने हरियाणवी गाना गाया, तो सोनू ने मुस्कुराते हुए कहा- “मुझे आपके आंगन में आना पड़ा है.”
सोनू निगम ने रेणुका पंवार की आवाज की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि रेणुका तेजी से आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने उन्हें अच्छी सिंगर बताते हुए कहा कि उन्होंने ‘चुन्नी’ में भी शानदार आवाज दी है. सोनू के मुताबिक, रेणुका का सफर आने वाले समय में और बड़ा होने वाला है.