फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद जिले के तिगांव विधानसभा क्षेत्र से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां मंझावली पुल पर आवाजाही शुरू करने से पहले इस क्षेत्र की 10 सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी. मंझावली पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन पुल से जोड़ने वाली आसपास के ग्रामीण इलाकों की सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में है. इन सड़कों पर सफर करना दूभर हो चुका है. यहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं.

CM ने किया शिलान्यास
इन सड़कों के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने तिगांव विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर से मुलाकात की थी. उन्होंने इन सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री नायब सैनी को भेजा था और अच्छी बात यह है कि इस प्रस्ताव को न केवल मंजूरी मिल चुकी है, बल्कि 14 अगस्त को इन सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जा चुका है. लोक निर्माण विभाग ने बताया कि अगले महीने से इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
इन सड़कों का होगा निर्माण
- 4.68 करोड़ रुपए से यमुना नदी किनारे बसे महावतपुर गांव से बसंतपुर तक 13.77 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा.
- 3.42 करोड़ रुपए की लागत से बादशाहपुर से दलेलपुर तक सड़क बनाई जाएगी.
- 5.06 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च कर भूपानी मोड़ से ताजपुर रोड, भूपानी मोड़ से नचौली- ताजुपुर रोड, फैजपुर माजरा रोड और नीमका से फैजपुर माजरा तक तीन सड़कों का निर्माण किया जाएगा.
- नचौली से महावतपुर और पांच अन्य सड़कें तिगांव क्षेत्र की 5 अन्य सड़कों के लिए भी स्वीकृति दी गई है. इनमें नया गांव सड़क, नचौली से महावतपुर (जो नचौली के राजकीय कालेज से होकर जाएगी), दलेलगढ़ की सड़क, अल्लीपुर मार्ग और घरोड़ा से घुड़ासन जाने वाली सड़कें शामिल हैं. इन सड़कों के निर्माण पर 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
यमुना नदी पार करना होगा आसान
मंझावली पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और यमुना पार तक लगभग 1 किलोमीटर लंबी नई सड़क बना दी गई है. UP की सीमा में करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अधूरा है. इस साल के आखिर तक इस सड़क को बना लिया जाएगा. इसके पूरा होने पर पुल से होकर यमुना नदी पार करना बेहद आसान हो जाएगा. तिगांव विधानसभा क्षेत्र की दिल्ली- NCR और यूपी से कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर हो जाएगी.