फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर के लोगों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर निगम की ओर से शहर के तीन पार्कों को मॉडल पार्क के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है. इन पार्कों में आमजन के लिए जिम, लाईब्रेरी, वाटर कूलर, सेल्फी प्वाइंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
इन पार्कों को बनाया जाएगा मॉडल
नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़खटा ने बताया कि इस काम के लिए कार्यकारी अभियंता को अलग-अलग जोन में 3 पार्कों का चुनाव करने की जिम्मेदारी दी गई है. निगम ने 20 जुलाई तक इस काम को पूरा करने का समय दिया है. बताया जा रहा है कि एक एकड़ जमीन या इससे ज्यादा जमीन पर विकसित पार्कों को मॉडल पार्क के रूप में बनाया जाएगा.
निगम द्वारा इन पार्कों में ओपन जिम, लाईब्रेरी के अलावा कुत्तों को घूमाने के लिए अलग से ट्रैक बिछाया जाएगा. बताया जा रहा है कि निगम द्वारा हर पार्क पर लगभग 5 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे.
अधिकारी ने दी जानकारी
निगम के एक अधिकारी ने बताया कि मौजूदा समय में शहर के कई पार्क खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं. जल निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं है, जिसके चलते जलभराव हो जाता है. इससे पौधों को भी नुकसान पहुंचता है. ऐसे में इन पार्कों की न केवल सुंदरता बढ़ाई जाएगी बल्कि पानी निकासी की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा.
