फरीदाबाद | हरियाणा में निकाय चुनाव सम्पन्न होने के बाद ग्रेटर फरीदाबाद की बदहाल सड़कों की तस्वीर बदलने जा रही है. नहर पार क्षेत्र की एक दर्जन से ज्यादा खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा. साढ़े 10 किलोमीटर लंबी इन सड़कों पर करीब 28 करोड़ रूपए खर्च होने की संभावना है.
FMDA करेगा सड़कों का पुनर्निर्माण
ग्रेटर फरीदाबाद की एक दर्जन से ज्यादा सड़कें काफी समय से खस्ताहाल स्थिति में है. यहां सड़कें कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई दे रहे हैं. इसके चलते वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अब फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) द्वारा इन सड़कों का पुनर्निर्माण कार्य करवाया जायेगा.
निकाय चुनावों के चलते लगी आचार संहिता लागू होने से पहले सीएम नायब सैनी ने इन साढ़े 10 किलोमीटर की कुल 12 सड़कों को स्वीकृति प्रदान कर दी थी. सीएम की स्वीकृति के बाद इनकी निविदा जारी हो गई थी. साथ ही, 2.4 किलोमीटर की 12/ 15 सड़क की भी स्वीकृति दी थी. इसकी लागत करीब 7 करोड़ रुपये आंकी गई है. अब आचार संहिता हटने पर एजेंसी को सड़कों का पुनर्निर्माण कार्य एलॉट कर दिया जाएगा. इन सड़कों के पुनर्निर्माण से 5 लाख की आबादी को राहत पहुंचेगी.
इन सड़कों की बदलेगी तस्वीर
सेक्टर- 12/ 15 की 2.4 किलोमीटर की सड़क ग्रेटर फरीदाबाद को जोड़ती है. इससे ग्रेटर फरीदाबाद की 12 सड़कें संबद्ध हो रही हैं. इसमें एडोर चौक से बढ़ेना चौक तक, बीपीटीपी चौक से आगे रोड, चंदीला चौक से विक्रमादित्य चौक तक, विक्रमादित्य चौक से जाट चौक तक, उपाध्याय चौक से डिस्कवरी चौक, स्वतंत्रता सम्मान चौक से उपाध्याय चौक, स्वतंत्रता सम्मान चौक से सेक्टर- 72/ 73 सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा.
