खुशखबरी: त्यौहारी सीजन पर फरीदाबाद डिपो से चलेगी अतिरिक्त बसें, इन रूटों पर रहेगा जोर

फरीदाबाद | त्यौहारी सीजन पर अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए हरियाणा परिवहन विभाग ने भी कमर कस ली है. यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए फरीदाबाद रोडवेज डिपो (Faridabad Roadways Depot) ने अतिरिक्त बसों के संचालन की योजना बनाई है. डिपो प्रबंधन ने बताया कि अलीगढ़ और आगरा सहित गुरुग्राम व कई अन्य प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएगी, ताकि त्यौहार के मौके पर यात्रियों के लिए घर की डगर आसान हो सकें.

Haryana Roadways Bus 3

फरीदाबाद से इन रूटों पर चलेंगी बसें

रोडवेज प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान समय में 100 से ज्यादा बसों का संचालन अलीगढ़, आगरा, चण्डीगढ़, गुरुग्राम, पंचकूला, जयपुर, बैजनाथ, मथुरा, हरिद्वार, ऋषिकेश सहित हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उतराखंड सहित अन्य प्रदेशों के प्रमुख शहरों के लिए किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि दिवाली से एक सप्ताह पहले बल्लभगढ़ से अलीगढ़ रूट पर करीब 20 बसें और बल्लभगढ़ से आगरा रूट पर करीब 16 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएगी. इसके अलावा गुरुग्राम रूट पर भी एक दर्जन से ज्यादा बसों का संचालन किया जाएगा.

सवारियों का दबाव ज्यादा

फरीदाबाद डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि जिस भी रूट पर सवारियों का दबाव ज्यादा होगा, उसी रूट पर ज्यादा से ज्यादा बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके. जैसे- जैसे त्यौहारी सीजन नजदीक आ रहा है, बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है. इसी अतिरिक्त भीड़- भाड़ को ध्यान में रखते हुए एक्सट्रा बसों के संचालन की योजना बनाई गई है. वहीं, त्यौहारी सीजन पर बसों के किराए में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी. यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.