पर्यटकों से फिर गुलजार होगी फरीदाबाद की बड़खल झील, बोटिंग समेत मिलेंगे मनोरंजन के कई साधन

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद की अरावली पहाड़ियों में स्थित बड़खल झील फिर से अपने पुराने अस्तित्व में नजर आएगी. इस झील को फिर से टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित करने की तैयारियां जोरों पर है. झील को पानी से लबालब भर दिया गया है. इसके साथ ही, जीर्णोद्धार कार्य तेजी से आगे बढ़ रहें हैं. सभी कार्यों को इस साल के आखिर तक पूरा कर लिया जाएगा.

Badkhal Jheel Faridabad

बोटिंग की मिलेगी सुविधा

नए साल पर बड़खल झील को पर्यटकों के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा. यहां पर टूरिस्टों के लिए बोटिंग की सुविधा मिलेगी. इस झील के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 80 करोड़ रुपए की बजट राशि आवंटित की गई थी. बता दें कि साल 2023 में बड़खल में हुई रैली में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बड़खल झील के जीर्णोद्धार की घोषणा की थी. तब से झील के जीर्णोद्धार और उसे पानी से भरने के साथ- साथ आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का काम जोरों से चल रहा है.

पर्यटकों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

बड़खल झील के किनारे वॉकिंग के लिए पैदल पथ बनाया गया है. वहीं, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फूड कोर्ट, बच्चों के लिए खेल, पार्किंग स्थल, पीने का साफ पानी, साफ- सुथरे शौचालय आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. पार्किंग में एक लिफ्ट लगाने का काम भी चल रहा है जो सीधे एक फुट ओवरब्रिज से जुड़ेगी.

पार्किंग में अपने वाहन पार्क करने वाले लोग लिफ्ट और फुट ओवरब्रिज के माध्यम से सीधे झील तक पहुँच सकेंगे. झील में रोजाना 10 MLD पानी की आपूर्ति की जाएगी और इसके लिए झील तक एक पानी की लाइन बिछाई गई है. वहीं, किनारे पर एक जिम और योग क्षेत्र जैसी सुविधाएँ भी प्रदान की जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.