फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में इन दिनों दिल्ली इवेंट मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान की कचौड़ी, पकोड़े, जलेबी और दूध की दुकान लोगों को खूब मन भा रही हैं. जिले के अलावा, आसपास के इलाकों के लोग भी यहाँ मिलने वाले पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए पहुंच रहे हैं.
1 महीने के लिए लगाई दुकान
दुकान के मालिक 55 वर्षीय नरेंद्र भाई बताते हैं कि यहाँ 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच दुकान लगाई जाएगी. खासतौर पर मेले के लिए उन्होंने दुकान को लगाया है. उनकी दुकान पर देसी घी की जलेबी, दूध, फेनी, प्याज कचौड़ी, कढ़ी कचौड़ी, पालक पकौड़े, गोभी पकौड़े, तड़का मिर्ची, बड़ा पाव और दाल बाटी चूरमा लोगों को परोसा जा रहा है. उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहक सबसे ज्यादा जलेबी और दूध को पसंद कर रहे हैं.
ग्राहकों की लगती है जबरदस्त भीड़
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा दूध और जलेबी की मांग है. यहाँ ₹100 प्रति गिलास के हिसाब से दूध और 100 से 150 रुपए प्रति प्लेट के हिसाब से पकोड़े बिक रहे हैं. शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक यहाँ बहुत ज्यादा ग्राहकों की भीड़ लगती है. ग्राहकों की इस भीड़ को संभालने के लिए उन्होंने दुकान पर 8 से 10 लोग काम के लिए लगा रखे हैं. दिल्ली इवेंट मेले में सजी इस दुकान ने राजस्थानी संस्कृति और व्यंजनों से लोगों का बखूबी दिल बहलाया है.
