फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा बल्लभगढ़ के यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली- NCR से स्वर्ण मंदिर जाने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. रोडवेज विभाग ने बल्लभगढ़ से अमृतसर के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखा दी है.
यह रहेगा शेड्यूल
पहले बल्लभगढ़ से स्वर्ण मंदिर अमृतसर जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब रोडवेज विभाग ने सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बड़े स्तर पर राहत प्रदान की है. बस स्टैंड डीआई नरेंद्र राणा ने बताया कि यह बस बल्लभगढ़ से रवाना होकर दिल्ली ISBT, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, लुधियाना और जालंधर होते हुए अमृतसर पहुंचेगी.
उन्होंने बताया कि यह बस बल्लभगढ़ से रोजाना सुबह 6 बजे अमृतसर के लिए रवाना होगी. इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह 6 बजे बल्लभगढ़ के लिए रवाना होगी. इस बस में बल्लभगढ़ से अमृतसर तक प्रति व्यक्ति किराया 660 रूपए निर्धारित किया गया है. वहीं, 3- 12 साल के बच्चे और 60 साल से ऊपर के बुजुर्गो का आधा टिकट लगेगा. इसके अलावा, हैप्पी कार्ड धारकों को भी मुफ्त सफर का लाभ मिलेगा.
यात्रियों का सफर होगा आसान
डीआई नरेंद्र राणा ने बताया कि अमृतसर जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थल तक पहुंचने के लिए अब बल्लभगढ़ के लोगों को ट्रेनों की खचाखच भीड़ से छुटकारा मिलेगा. उन्हें अपने शहर से सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा. इससे उनकी लंबी दूरी की यात्रा बेहद आसान हो जाएगी. इस बस का संचालन से न सिर्फ यात्रियों की सुविधा में इजाफा हो रहा है, बल्कि शहरों और गांवों के बीच की दूरी भी कम हो रही है.
