फरीदाबाद | आमजन के सफर को आसान बनाने की दिशा में सूबे की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में फरीदाबाद शहर के बिजी इलाकों में से एक सेक्टर 9 व 10 की डिवाइडिंग रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या को बहुत जल्द दूर किया जाएगा. वर्तमान में यहां टू- लेन सड़क होने के चलते निरंतर जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन अब फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) ने इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात
FMDA के मुख्य अभियंता रमेश बागड़ी ने बताया कि इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. इस सड़क की चौड़ाई बढ़ने से लोगों को ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी. इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा. सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी.
रमेश बागड़ी ने बताया कि सेक्टर 9 व 10 की डिवाइडिंग रोड प्रमुख आवासीय व व्यवसायिक क्षेत्रों को आपस में कनेक्ट करती है. हजारों की संख्या में यहां से वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन सड़क मार्ग की चौड़ाई कम होने और ट्रैफिक दबाव ज्यादा होने से यहां लोगों को अक्सर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. खासकर पीक आवर्स के दौरान स्थिति और भी ज्यादा भयंकर हो जाती है, जिससे लोगों को और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है.
ऐसे में इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम हो जायेगा. इससे न केवल स्थानीय लोगों बल्कि रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भी राहत पहुंचेगी. इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा.
